Advertisement

करमा एकादशी पर बजरंगबली मंदिर नवनिर्माण की छत ढलाई संपन्न

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। करमा एकादशी के पावन अवसर पर बीते 22 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बरई कला में निर्माणाधीन बजरंगबली मंदिर की छत ढलाई का कार्य विधिवत एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर निर्माण को लेकर स्थानीय रहिवासियों में खासा उत्साह का माहौल रहा। छत ढलाई कार्य के दौरान मुखिया पति बैजनाथ महतो, पंचायत समिति सदस्य दिलीप महतो, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार महतो, दिलीप कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग करते हुए इसे क्षेत्र के लिए धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर मुखिया पति बैजनाथ महतो ने कहा कि बजरंगबली मंदिर का निर्माण ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। मंदिर के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी संस्कृति एवं परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों का आभार जताया।

पंचायत समिति सदस्य दिलीप महतो ने कहा कि मंदिर निर्माण में ग्रामीणों की एकजुटता और सहभागिता सराहनीय है। कहा कि सामूहिक प्रयास से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को नई गति मिलती है। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य के सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना करते हुए सभी सहयोगकर्ताओं को साधुवाद दिया।

सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार महतो ने कहा कि बजरंगबली मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों के आपसी मेल-जोल और सामाजिक एकता का केंद्र भी बनेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में जिस तरह ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया है, वह क्षेत्र की एकता और श्रद्धा को दर्शाता है। दिलीप कुमार महतो ने कहा कि करमा एकादशी जैसे पावन अवसर पर मंदिर की छत ढलाई का कार्य संपन्न होना सभी के लिए खुशी और सौभाग्य की बात है। उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े सभी प्रबुद्ध जनों एवं ग्रामीणों को शुभकामना देते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से यह धार्मिक स्थल जल्द ही पूर्ण रूप लेगा।

मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बजरंगबली से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। छत ढलाई कार्य के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर रहिवासियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। ग्रामीणों ने मंदिर के शेष निर्माण कार्य को भी आपसी सहयोग एवं सहभागिता से पूरा करने का संकल्प लिया। करमा एकादशी के पावन अवसर पर संपन्न हुआ यह धार्मिक निर्माण कार्य बरई कला क्षेत्र में श्रद्धा, एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दे गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *