Advertisement

एमएमडीआर संशोधन अधिनियम के विरोध में गांधी चौक पर आप का शांतिपूर्ण प्रदर्शन

खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम, 2026 वापस ले केंद्र सरकार

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो के सेक्टर चार के समीप स्थित महात्मा गांधी चौक पर खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन अधिनियम को झारखंड सहित देश के सभी से वापस लेने की मांग के साथ 21 सितंबर को आम आदमी पार्टी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार झारखंड सहित देश के सभी राज्यों में केंद्र सरकार द्वारा काला कानून लागू करने के खिलाफ आप ने झारखंड के सभी जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। बोकारो के गांधी चौक पर यह कार्यक्रम आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश, जोनल प्रभारी विधान चंद्र राय, जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा, जिला सचिव बैजनाथ गोराई आदि के संयुक्त अगुवाई में किया गया।

इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि आम आदमी पार्टी झारखंड का मानना है कि यह एक नया काला कानून है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पुराने कानून में 2026 में एक नया संशोधन किया है। इसके तहत धारा 9डी में एक ऐसा नियम जोड़ दिया गया है, जिससे राज्य सरकारों के टैक्स और सेस लगाने के अधिकार को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। कहा कि इस संशोधन से झारखंड की जनता के साथ धोखा हुआ है। इसे केंद्र सरकार अविलंब वापस ले।

आप के जोनल प्रभारी विधान चंद्र राय ने कहा कि झारखंड के ₹1.36 लाख करोड़ की सीधी चोरी हुई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद झारखंड सरकार का कोल व अन्य खनन कंपनियों और केंद्र पर ₹1,36,000 करोड़ का पुराना बकाया कोयला रॉयल्टी और जमीन लगान तत्काल वापस करे। यह पैसा झारखंड के जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए इस्तेमाल होना था। बोकारो जिला संयोजक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि झारखंड सरकार को इससे हर साल ₹14,000 करोड़ का घाटा होगा, जिससे युवाओं को रोजगार भत्ता, माताओं-बहनों की पेंशन और मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं प्रभावित होंगी। जिला सचिव बैजनाथ गोराई ने कहा कि जमीन हमारी, खनिज हमारा, प्रदूषण हमारा और कमाई केंद्र की होगी। कहा कि माइनिंग के कारण झारखंड की जमीनें खोदी जा रही हैं, धूल-धुआं और बीमारियां यहाँ का रहिवासी झेल रहा है।

प्रदर्शन सभा में जिला प्रवक्ता मिथिलेश गिरि, उपाध्यक्ष उत्तम सिंह चौधरी, एसके झा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। मौके पर आप के वरीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता यथा मनौवर अंसारी, महावीर कुमार, सतीश गुप्ता, संजय रजक, सुमन सिंह मिट्ठू, विनेश्वर कुमार, मनोरंजन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *