रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो पुलिस को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 28 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में ई समन्स एप्प के उपयोग को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीना ने की।
जानकारी के अनुसार आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को ई-समन्स एप्प के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से न्यायालय से प्राप्त समन एवं कानूनी नोटिस इलेक्ट्रॉनिक रूप से भेजे जा सकेंगे। साथ ही, समन की स्थिति को ट्रैक करने और तामिला की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं त्वरित बनाने में भी मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के बाद एसपी नाथू सिंह मीना ने सभी प्रशिक्षुओं को न्यायालय से प्राप्त समनों का समयबद्ध तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से समन तामिला की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जा सकता है। सभी पुलिसकर्मी इस ऐप का प्रभावी ढंग से उपयोग करते हुए न्यायालय से प्राप्त समन का निर्धारित समय पर तामिला सुनिश्चित करें।
उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में तकनीक के इस्तेमाल को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया। ज्ञात हो कि, ई-समन्स एप्प का प्रशिक्षण बोकारो पुलिस की डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे समन तामिला की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और उसकी निगरानी को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगा।
![]()













Leave a Reply