Advertisement

अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर सहित तीन स्थानों में सामूहिक वंदे मातरम् गान

प्रहरी संवाददाता/फुसरो (बोकारो)। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 25 सितंबर को बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो सहित तीन स्थानों पर भव्यता के साथ सामूहिक वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो के तत्वावधान में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में क्षेत्र के कुल तीन अलग-अलग स्थानों पर सामूहिक वंदे मातरम् गान का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इन तीनों केंद्रों पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य जनों ने पूरी ऊर्जा के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम में तीनों स्थानों की कुल उपस्थिति 1495 दर्ज की गई।

बताया जाता है कि मुख्य कार्यक्रम अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया गया, जिसकी शुरुआत प्रातः 10:30 बजे अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं दीप मंत्र के साथ की गयी। ठीक 11 बजे समवेत स्वर में सामूहिक वंदे मातरम् का गान शुरू किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार सिंह द्वारा अतिथि परिचय एवं कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर विद्यालय सचिव अमित कुमार सिंह ने विद्या भारती द्वारा आयोजित भव्य वंदे मातरम् गायन के विषय में कहा कि सामूहिक वंदे मातरम् का कार्यक्रम विद्या भारती के विद्यालयों के अलावा अन्य विद्यालयों में भी हो रहा है।

इस मुख्य आयोजन में बेरमो के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मुकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के उपाध्यक्ष राम नरेश द्विवेदी ने की, जबकि साक्षी के रूप में विद्यालय के सचिव अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे। आयोजन के संयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य सिंह रहे।

इस अवसर पर विद्यालय संरक्षक बृज बिहारी पांडेय, सह सचिव जवाहर लाल यादव, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल, विद्यालय सदस्य रीमा देवी व शंकर ठाकुर, विद्यालय के पूर्व कोषाध्यक्ष दयानंद वर्णवाल और वार्ड संख्या 26 की पूर्व वार्ड पार्षद राधा देवी विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उपाध्यक्ष राम नरेश द्विवेदी ने किया।

इसी क्रम में ज्ञान दर्पण पब्लिक स्कूल में भी सामूहिक वंदे मातरम् का आयोजन किया गया। इस केंद्र पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ फुसरो के नगर कार्यवाह प्रदीप भारती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्ञान दर्पण स्कूल के प्रधानाचार्य कुमार कुणाल ने की तथा वार्ड संख्या 26 की पार्षद रिया कुमारी साक्षी के रूप में उपस्थित रही। इस कार्यक्रम की संयोजक विद्यालय की आचार्या श्वेता शर्मा रही। तीसरा कार्यक्रम अनपति देवी विद्यालय के पोशक क्षेत्र पलामू (नावाडीह, बोकारो) में संपन्न हुआ। यहाँ पलामू पंचायत की मुखिया जलेश्वरी देवी मुख्य अतिथि तथा पूर्व मुखिया बसंत राय अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहे। प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य बीरेंद्र कुमार ने साक्षी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संयोजन अनपति देवी विद्यालय के आचार्य शंकर साव और सह-संयोजन आचार्य दयानंद पांडेय द्वारा किया गया।

उपरोक्त तीनों स्थानों पर आयोजित इस राष्ट्रीय और सांस्कृतिक कार्यक्रम को सफल बनाने में अनपति देवी विद्यालय के सभी आचार्य, दीदीजी एवं समस्त कर्मचारी बंधु-भगिनी का संपूर्ण और सराहनीय योगदान रहा, जिससे यह आयोजन अत्यंत भव्य रूप से संपन्न हो गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *