एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। राजभाषा माह के अंतर्गत 28 सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची के सीसीएल मुख्यालय मानव संसाधन विकास विभाग के प्रकाश सभागार में स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सीसीएल मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से विविध विषयों, भावनाओं और अनुभवों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
सीसीएल मुख्यालय जनसंपर्क विभाग के अनुसार आयोजित प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में रांची के प्रख्यात कवि एवं वरिष्ठ साहित्यकार कुमार बृजेन्द्र तथा निर्मला महाविद्यालय रांची की विभागाध्यक्ष डॉ रेणु सिन्हा शामिल थीं। ज्ञात हो कि कुमार बृजेन्द्र देश के विभिन्न राष्ट्रीय कवि मंचों पर सक्रिय रूप से उपस्थित रहे हैं तथा आकाशवाणी और दूरदर्शन से भी जुड़े रहे हैं। कविता एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव तथा डॉ रेणु सिन्हा की साहित्यिक समझ का लाभ प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के मूल्यांकन में मिला।
प्रतियोगिता में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के सहायक प्रबंधक (खनन) उज्ज्वल पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महाप्रबंधक (पर्यावरण) संगीता ने द्वितीय, बीएनके क्षेत्र के प्रबंधक (मानव संसाधन) आर. पी. यादव ने तृतीय, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुष्मिता सहाय ने चतुर्थ तथा सीएसआर विभाग की उप प्रबंधक पूजा प्रसाद ने पंचम स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर सीसीएल की ओर से कुमार बृजेन्द्र का स्वागत महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) फ़ैयाजुल हक़ ने तथा डॉ रेणु सिन्हा का स्वागत महाप्रबंधक (पर्यावरण) संगीता ने किया। कार्यक्रम का मंच संचालन राजभाषा विभाग की पूजा सिंह एवं रामाधार पांडेय ने किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ दिविक दिवेश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
जानकारी के अनुसार राजभाषा माह-2026 के अंतर्गत अब तक टिप्पण-आलेखन, प्रश्नोत्तरी, हिंदी निबंध, हिंदी टंकण एवं स्वरचित कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा चुका है। इन आयोजनों में मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न कोयला क्षेत्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी रही है।
राजभाषा माह के अंतर्गत अब राजभाषोत्थान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है। राजभाषा संवर्ग के कार्मिकों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित ज्ञान, अनुभव और प्रतिभा को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
राजभाषा माह के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों के माध्यम से सीसीएल में हिंदी के प्रति उत्साह और रचनात्मक सहभागिता को नई ऊर्जा मिल रही है। मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों के कार्मिकों की निरंतर भागीदारी ने राजभाषा माह को व्यापक और जीवंत स्वरूप प्रदान किया है।
![]()













Leave a Reply