Advertisement

बोकारो की बेटी यूरी सेठी बनी गुजरात रॉयल्स की कप्तान

केपीएल-26 में संभालेंगी टीम की कमान, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर चुकी है प्रतिनिधित्व

राजेश कुमार/बोकारो थर्मल (बोकारो)। युवा कोर्फबॉल खिलाड़ी यूरी सेठी ने खेल जगत में एक और उपलब्धि हासिल की है। यूरी को कोर्फबॉल प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 में गुजरात रॉयल्स की कप्तानी सौंपी गई है। इस उपलब्धि से पेटरवार सहित बोकारो और पूरे झारखंड में हर्ष और गर्व का माहौल है।

ज्ञात हो कि भारत में कोर्फबॉल को प्रोफेशनल मंच देने के उद्देश्य से शुरू केपीएल-2026 का पहला संस्करण बीते 19 सितंबर से आगामी 4 अक्टूबर तक नई दिल्ली के त्यागराज इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। लीग का उद्घाटन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने किया। साथ ही इस मौके पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद भी उपस्थित रहे।

केपीएल को भारत की पहली प्रोफेशनल मिश्रित-लिंग कोर्फबॉल लीग के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें पुरुष और महिला खिलाड़ी एक ही टीम में खेलते हैं। लीग की थीम नया खेल नई सोच है। केपीएल-2026 के उद्घाटन संस्करण में दिल्ली धुरंधर्स, गुजरात रॉयल्स, तेलुगु लीजेंड्स, फतेह वॉरियर्स, दंगल वॉरियर्स, आमची टाइटन्स, यूपी हसलर्स और थाला स्ट्राइकर्स सहित आठ फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के साथ 14 देशों के 112 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।

उक्त जानकारी 20 सितंबर को खिलाड़ी यूरी सेठी की चाची बोकारो थर्मल जीएम कॉलोनी रहिवासी संगीता पूरी ने दी। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी भतीजी यूरी सेठी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। कहा कि बीते वर्ष अगस्त 2025 में चीन के लेशान में आयोजित आईकेएफ यू21 एशिया-ओशिनिया कोर्फबॉल चैंपियनशिप में वह भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। अगस्त 2026 में मलेशिया के निलाई में आयोजित आईकेएफ यू 21 विश्व कोर्फबॉल चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय टीम की उपकप्तान के रूप में हिस्सा लिया। कहा कि केपीएल की आधिकारिक सामग्री में भी यूरी को प्रमुख भारतीय महिला कोर्फबॉल खिलाड़ियों में स्थान दिया गया है।

ज्ञात हो कि खिलाड़ी यूरी सेठी स्व. विद्या सागर महथा की पौत्री तथा विशेष कुमार और अन्नू सेठी की पुत्री हैं। विद्या सागर महथा वैज्ञानिक आधार पर संयुक्त गत्यात्मक ज्योतिष के संस्थापक के रूप में विख्यात रहे हैं। यूरी की इस उपलब्धि से बोकारो थर्मल, पेटरवार सहित बोकारो जिले के खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है। गुजरात रॉयल्स की कप्तानी के साथ यूरी सेठी ने बोकारो जिला का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मंच पर पहुंचाया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *