Advertisement

कस्तूरबा गांधी विद्यालय दिघवारा में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने उकेरा सशक्त बेटी-समृद्ध बिहार का सपना

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। जिला पदाधिकारी सारण के आदेश के आलोक में जिला के हद में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय दिघवारा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की वार्डन लवली कुमारी एवं शिक्षिकाओं द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम बाल विवाह समाप्त करें और बालिकाओं के अधिकारों में निवेश करें है।

इस अवसर पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय बाल विवाह मुक्त समाज, मेरी शिक्षा-मेरा अधिकार, सशक्त बेटी-समृद्ध बिहार रखा गया था, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मेरी प्यारी बेटियों, याद रखो, तुम्हारे हाथों में चूल्हा नहीं, कलम होनी चाहिए। बाल विवाह तुम्हारे सपनों पर ताला लगाता है, तो शिक्षा उस ताले की चाबी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का आह्वान है कि बाल विवाह को ना कहो और अपने अधिकारों में निवेश करो। तुम पढ़ोगी तो बढ़ोगी, और जब तुम बढ़ोगी तो पूरा सारण और पूरा बिहार बढ़ेगा।

समारोह में कस्तूरबा विद्यालय दिघवाड़ा की वार्डन लवली कुमारी सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिका एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने बाल विवाह के विरुद्ध शपथ ग्रहण की। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक निभा कुमारी द्वारा किया गया।
.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *