एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस विभाग के प्रमुख आलोक कुमार गुप्ता को महाप्रबंधक (जीएम) के पद पर पदोन्नति मिली है। कोल इंडिया लिमिटेड, कोलकाता द्वारा जारी आदेश के तहत कुल 14 अधिकारियों को महाप्रबंधक के पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नति के बाद आलोक कुमार गुप्ता की पदस्थापना कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस विभाग में ही की गई है।
उक्त जानकारी सीसीएल मुख्यालय रांची के जनसंपर्क विभाग के सहायक प्रबंधक मनीष कुमार ने 21 सितंबर को दी। उन्होंने बताया कि आलोक कुमार गुप्ता को मानव संसाधन, प्रशासन, सीएसआर के साथ-साथ कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में लंबे अनुभव के लिए जाना जाता है। अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान उन्होंने संचार एवं जनसंपर्क को पारंपरिक दायरे से आगे ले जाते हुए रचनात्मकता, नवाचार और नए प्रयोगों को विशेष महत्व दिया है।
उन्होंने बताया कि सीसीएल की कॉर्पोरेट पहचान को मजबूत करने से लेकर जनसंपर्क के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने तक नये जीएम गुप्ता के कार्यों में रचनात्मक सोच की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। सीसीएल के लोगो के डिजाइन से लेकर झारखंड की धरती पर पहली बार नेशनल पीआर कांन्क्लेव-2025 के आयोजन तक, उन्होंने कई ऐसी पहल कीं, जिन्होंने कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन को एक नई दिशा दी है।
इसी क्रम में भारतीय डाक विभाग के सहयोग से कोल योद्धाओं को समर्पित स्पेशल कवर स्टाम्प जारी करवाना, कोल कर्मियों के लिए वॉल मुराल पेंटिंग, कबाड़ से कंचन, वार अगेंस्ट वेस्टेज जैसी अभिनव पहल चर्चा में रहीं। वहीं, सीसीएल मुख्यालय की विभिन्न इमारतों के मुख्य द्वार पर पट्टिकाएं लगाकर उनके नामकरण की पहल तथा विजिलेंस अवेयरनेस कैंपेन को रचनात्मक माध्यमों से आमजनों तक पहुंचाने का प्रयास भी उनकी कार्यशैली की विशिष्ट पहचान रहा है।
इसी क्रम में जीएम गुप्ता ने कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में तकनीक और नए माध्यमों के इस्तेमाल को भी प्राथमिकता दी। सीसीएल की उपलब्धियों, पहलों और सामाजिक सरोकारों को आमजन तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए विभिन्न डिजिटल एवं क्रिएटिव माध्यमों का प्रयोग उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहा है।
ज्ञात हो कि आलोक कुमार गुप्ता सीसीएल में योगदान से पूर्व झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में निदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। सरकारी सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उनके अनुभव तथा सीसीएल में कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन की जिम्मेदारी के दौरान किए गए अभिनव प्रयोगों ने उन्हें जनसंपर्क एवं संचार के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। महाप्रबंधक के पद पर पदोन्नति के साथ अब आलोक कुमार गुप्ता कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस विभाग को नई ऊर्जा, रचनात्मकता और नवाचार के साथ आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
![]()













Leave a Reply