Advertisement

सुभाष चौक होसिर में कार एवं मोटरसाइकिल में भिडंत में युवक घायल

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। गोमियां प्रखंड (Gomian block) के हद में सुभाष चौक होसिर में कार एवं मोटरसाइकिल में भिड़ंत में एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक घटनास्थल से फरार होने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार 24 मई की दोपहर लगभग 1:30 बजे सुभाष चौक के समीप मोटरसाइकिल एवं कार में जबरदस्त भिड़ंत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही गोमियां थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी पीएसआई परवीन होरो के नेतृत्व में दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमियां पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर चिकित्सा के लिए बोकारो रेफर कर दिया। चार पहिया वाहन कार क्रमांक JH1EA/1503 में बड़का गांव निवासी बबलू प्रसाद कुशवाहा (Bablu Prasad kushwaha) अपने परिजनों के साथ पेटरवार स्थित रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जबकि होसिर नैया टोला निवासी शंकर प्रसाद अपने डिस्कवर मोटरसाइकिल क्रमांक JH09T/1300 से साड़म बाजार से अपने घर वापस नैया टोला लौट रहा था।
बताया जाता है कि इसी क्रम में सुभाष चौक के समीप दोनों वाहनों में आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। मौका पाकर पुलिस को चकमा देकर परिजन सहित कार सवार फरार हो गया। घटनास्थल पर गोमियां पुलिस पहुंच कर दोनों वाहनों को जब्त करते हुए कार चालक को गोमियां थाना चलने को कहा। थाना जाने के क्रम में कार चालक पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार हो गया। फरार होने की जानकारी मिलते ही कार को ढूंढने के लिए गोमियां पुलिस सड़कों पर दौड़ती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कार का पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में पीएसआई प्रवीण होरो ने कहा कि फरार गाड़ी की खोजबीन की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *