भू-माफियाओं द्वारा गैरमजरूआ भूमि पर जबरन कब्जा को लेकर आदिवासी गोलबंद

खूनी संघर्ष होने से रोकने को लेकर उपायुक्त के नाम लिखा पत्र

प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के अंगवाली दक्षिणी पंचायत क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा जबरन गैर मजरुआ कब्जे के खिलाफ आदिवासी समाज गोलबंद होने लगे है। इससे यहां खुनी संघर्ष की संभावना बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार अंगवाली दक्षिणी पंचायत के राजस्व गांव नावाडीह के छेछरा चौक से सटे खाता संख्या 145 के प्लॉट 126 में रकवा 34.95 एकड़ तथा इसी खाता के प्लॉट 234 में 36.90 एकड़ यानि कुल भूमि 70.85 एकड़ गैरमजरूआ भूमि पर पूर्वजों से लेकर अबतक क्षेत्र के आदिवासियों द्वारा जोत, जोड़ कर फसल उपजाया जाता रहा है।

इधर बीते सप्ताह से कतिपय बाहरी भू- माफियाओं द्वारा गांव के कुछ रहिवासियों से मिलकर उक्त भूमि को जबरन हड़पने की साजिश की जा रही है। इस दौरान कथित माफियाओं ने जेसीबी मशीन के माध्यम से भूमि को समतल करना, किनारे ड्रेन काटकर चाहर दिवारी की तैयारी को देखते हुए आदिवासी समाज गोलबंद हो रहे है।

इसे लेकर 24 दिसंबर को उक्त स्थल पर सामूहिक बैठक बुलाई गई। बैठक के मुख्य अतिथि झामुमो जिला कोषाध्यक्ष सह जिप सदस्य अशोक मुर्मू उपस्थित हुए। बैठक की अध्यक्षता फुलचंद मरांडी व संचालन पंसस जीतलाल सोरेन ने किया।

उक्त बैठक में सैकड़ो की संख्या में आसपास के महिला, पुरुष, बच्चे, युवा, बुजुर्ग आदि उपस्थित थे। जबकि झामुमो के वरीय नेता घुनु हांसदा, पूर्व मुखिया अशोक प्रग्नैत, फागू मांझी, फिरोज टुडू, महेश प्रग्नैत, भुनेश्वर मांझी, काली मुर्मू, मंटू सिंह, बाबूलाल, मोतीलाल आदि के अक्रोशयुक्त व्यक्तव्य के उपरांत मुख्य अतिथि जिप सदस्य अशोक मुर्मू ने कथित भू माफियाओं को ललकारते हुए कहा कि ऐसी ओछी हरकत से बाज आएं भूमि माफिया।

उनकी मंशा को कदापी सफल नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि भूमि पर जोत, कोड़, आबाद कर घर बनाया जा सकता है, लेकिन बाहरी तत्वों को बेचने नही दिया जायेगा। आदिवासी भाषा में बीर बुरू दो ओकोया..? यानि जल, जंगल, जमीन किसका? आदिकाल से हमारा। इस नारे को बुलंद किया गया।

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इस आशय का आदिवासियों द्वारा संयुक्त हस्ताक्षरित पत्र उपायुक्त बोकारो को लिखा गया, जिसमे मांग किया गया कि इस मामले को लेकर खूनी संघर्ष न हो इसलिए अविलंब हस्तक्षेप कर कथित माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आवेदन की प्रति संबंधित विभाग को भी प्रेषित की गयी है।

मौके पर प्रकाश यादव, अजय यादव, भीम गोप, गुना राम, रोहन टुडू, देवीलाल, राजेंद्र मरांडी, हरि दास, पानों देवी, गुलाबी देवी, सुनीता, विनीता, सोमरी, सुकरमणि, काजल, तारामती आदि भी उपस्थित थे।

 94 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *