ट्रैफिक पुलिस ने चलाया सघन वाहन जांच अभियान, 40 वाहनों से वसूले 59 हजार

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ट्रैफिक पुलिस द्वारा 26 सितंबर को बोकारो जिला के हद में गोमियां-फुसरो मुख्य मार्ग पर स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर कथारा के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन विभाग के सहायक अवर निरीक्षक अरबिंद कुमार सिंह तथा मनन गौड़ कर रहे थे। टीम द्वारा दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों की सघन जांच कर 40 छोटे-बड़े वाहनों से दंड स्वरूप 59 हजार रूपये वसूला गया।

बताया जाता है कि वाहन जांच के क्रम में चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाए जाने सहित वाहन का वैध कागजात यथा पंजीकरण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र, इंश्योरेंस पेपर आदि की जांच की गयी।

वहीं दोपहिया वाहनों में वाहन चालक के हेलमेट की अनिवार्यता सहित उपरोक्त वाहन कागजातों की जांच के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गयी। कमी पाए जानेवाले 40 वाहनों से 59 हजार रूपये ऑनलाइन दंड शुल्क वसूला गया। अभियान सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चला।

मौके पर मौजूद जांच कर्मियों यथा सहायक अवर निरीक्षक अरबिंद कुमार सिंह, एएसआई मनन गौड़ सहित ट्रैफिक सिपाही बबलू साव एवं शमीम अंसारी ने बताया कि आला अधिकारियों के दिशा निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह जांच लगातार जारी रहेगा।

जानकारी के अनुसार आरंभ के दो घंटे के भीतर ही जांच टीम द्वारा तीस वाहनों के चालान काटे गए और दंड शुल्क के रुप में लगभग 55 हजार रुपये वसुले जा चुके थे। जबकि जांच की भनक लगते ही वाहन चालकों के बीच अफरा-तफरी मच गई और वाहन सवार वैकल्पिक मार्ग से छुप छुपा कर भागते नजर आये।

जांच दल ने कहा कि बेरमो कोयलांचल में खुले आम यातायात के नियमों की अनदेखी हो रही है। लोग बाइक चलाते समय हेलमेट नहीं पहनते हैं और कार चलाते समय सीट बेल्ट नही लगाते जो कानूनन अपराध है। मगर अब ऐसा नहीं चलने दिया जायेगा। कानून का उल्लंघन करने वालो के साथ सख्ती बरती जायेगी।

 166 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *