श्रम पोर्टल पर श्रमिक पंजीकरण में बोकारो सूबे में अव्वल-उपायुक्त

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार (Indian Government) द्वारा असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों का डाटाबेस तैयार करने के लिए ई. श्रम पोर्टल लांच किया गया है। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को ई. श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने के बाद ही सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलेगा।

आगामी 31 दिसंबर तक पोर्टल पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसे लेकर बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने 28 अक्टूबर को जिले के श्रमिकों से पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की।

उपायुक्त चौधरी ने कहा कि असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण करने लिए उन्हें जागरूक किया जा रहा है। भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के नेशनल डाटाबेस ऑफ अन आर्गेनाइज्ड वर्कर्स कार्यक्रम के तहत कामन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है।

ई.श्रम पोर्टल पर असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण निःशुल्क है। पंजीकरण के बाद श्रमिकों व मजदूरों के यूनिक आइ कार्ड बनाए जाते हैं। इस यूनिक आइडी कार्ड बनते ही असंगठित श्रमिकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित सरकार की ओर से दी जाने वाली अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता है।

इसका एक साल का खर्च भी सरकार स्वयं ही वहन कर रही है। असंगठित श्रमिक किस वर्ग से है का खाका तैयार करने के बाद सामाजिक सुरक्षा योजना का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने बताया कि अब तक हुए श्रमिक पंजीकरण में जिले का प्रदर्शन सूबे में अव्वल है। जिला टाप फाइव में पहले स्थान पर है। जिले में अब तक एक लाख 49 हजार 732 श्रमिकों का पंजीकरण हुआ है।

यह आगे भी जारी रहे इसके लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। उन्होंने जिला श्रम अधीक्षक हरेंद्र कुमार सिंह को नियमित प्रगति की मानीटरिंग करने को कहा है। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण का जो लक्ष्य प्राप्त हुआ है, उसे पूरा करने के लिए जिन विभागों में ऐसे श्रमिकों से संबंध है, उन विभागों के लिए नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। कुल 14 कामगार की प्रकृति से संबंधित विभागों के अलग-अलग नोडल पदाधिकारी बनाएं गए हैं।

उपायुक्त ने कहा कि असंगठित श्रमिकों व मजदूरों के पंजीकरण के लिए आवेदक की उम्र 16 से 59 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक किसी भी संगठित समूह या संस्था का सदस्य नहीं होना चाहिए। पंजीकरण के लिए आवेदक के पास आधार कार्ड नंबर, बैंक पासबुक की फोटो कापी व मोबाइल फोन नंबर होना अनिवार्य है।

इस संबंध में अधिक जानकारी श्रम विभाग के कार्यालय, प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं स्थानीय सीएससी से प्राप्त की जा सकती है। उपायुक्त ने कहा कि ई. श्रम पोर्टल पर छोटे किसान, पशुपालक, कृषि क्षेत्र में लगे मजदूर, ईंट भट्ठों पर काम करने वाले मजदूर, मछली विक्रेता, मोची, घरों में काम करने वाले, आदि।

रेहड़ी – फेरी लगाने वाले लोग, न्यूजपेपर वेंडर, कारपेंटर, प्लंबर, रिक्शा व आटो रिक्शा संचालक, मनरेगा मजदूर, दूध विक्रेता, स्थानांतरित लेबर, नाई, ऐसे मजदूर जो किसी संगठन के साथ नहीं जुड़े हो वह सब अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

ई श्रम पोर्टल पर श्रमिक पंजीकरण में टाप फाइव जिले निम्न प्रकार है:–

जिला श्रमिकों की संख्या

बोकारो 1,49,732
पाकुड़ 1,40,391
गिरीडीह 1,19,821
पलामू 1,10,265
साहिबगंज 1,03,267
उक्त आंकड़ा 27 अक्टूबर का है।
स्वयं ऑनलाइन भी कर सकते पंजीकरण:-

ई. श्रम कार्ड ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए आपके पास (आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी एवं मोबाईल नंबर (जो आधार से लिंक हो) होना चाहिए। सबसे पहले भारत सरकार के श्रम और रोजगार मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट eshram.gov.in पर जाना पड़ेगा।

थोड़ा नीचे की ओर जाने पर ई.श्रम पंजीकरण का आप्शन दिखाई देगा। इस रजिस्ट्रेशन या पंजीकरण ऑप्शन पर क्लिक करने पर ई.श्रम रजिस्ट्रेशन फॉर्म दिखाई देगा। इस पेज पर मांगी गई जानकारियों को भरने के बाद सेंड ओटीपी पर क्लिक करना है। जिसके बाद मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी मिलेगा, उस ओटीपी को डालने के बाद सब्मिट ऑप्शन पर क्लिक करना है।

उसके बाद एक और पेज खुलेगा जिस पर आधार नंबर डालना है और सब्मिट आप्शन पर क्लिक करना है। उसके बाद एक बार फिर एक नया ओटीपी मोबाइल पर मिलेगा जिसे डालने के बाद वैलिडेट ऑप्शन पर क्लिक करना है।

इसके पश्चात एक और नया पेज खुलेगा जिसमें अपनी निजी जानकारी प्रदान करनी होगी जैसे – इमरजेंसी मोबाइल नंबर, विवाहित है या अविवाहित, पिता का नाम, आवेदक किस जाति के है, उसका रक्त समूह क्या है आदि।

यदि आप किसी को नामांकित (नोमनी) बनाना चाहते हैं तो उसकी जानकारी भी अगले पेज पर दे सकते है। उसके बाद अगला पेज खुलेगा जिसमें घर का पता और संबंधित जानकारी देना होगा। अगले पेज पर शैक्षणिक योग्यता बताना होगा। आप किस प्रकार का व्यवसाय या काम कर रहे हैं इसकी भी जानकारी अगले पृष्ठ पर देना होगा।

इसके लिए सरकार द्वारा एक सूची भी उपलब्ध है जिसमें से अपने लिए उपयुक्त आप्शन को चुन सकते है। अगले पृष्ठ पर बैंक डिटेल और आदि जानकारी प्रदान करना होगा।

अंततः सारी जानकारी को एक बार जाँचने के बाद सब्मिट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। उसके बाद ई. श्रम कार्ड दिखने लगेगा। अब डाऊनलोड आप्शन पर क्लिक करना है, जिससे ई. श्रम कार्ड डाउनलोड हो जाएगा। जिसे प्रिंट लेकर आगे योजनाओं का लाभ लेने के लिए सुरक्षित रख लेना होगा।

 660 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *