पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, आर्मी जवान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल

प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। हजारीबाग जिला (Hazaribag district) में हद में चतरा-चौपारण पथ के      बेधना बारा गांव (Badhna village) के समीप 23 मई की सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में चतरा जिले के मयूरहंड प्रखंड के तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में आर्मी का जवान 25 वर्षीय अनुपम सिंह, 30 वर्षीय बबलू चंद्रवंशी और 28 वर्षीय अमर ठाकुर शामिल है।
घटना के बाद सभी को चौपारण सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दो घायलों को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। जबकि सेना के जवान को बेहतर चिकित्सा के लिए रांची के नामकुम स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया गया। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं दो अन्य घायल युवक हजारीबाग सदर अस्पताल में इलाजरत हैं।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना का जवान अनुपम अंबाला से अपने घर लौट रहा था। वह कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उतरा था। कोडरमा में ही उसके दो अन्य साथी वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से अपने दो अन्य साथियों के साथ वह निजी कार में सवार होकर अपने घर की ओर वापस आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार काफी तेज गति में होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। आनन-फानन में आसपास के रहिवासियों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि सेना के जवान अनुपम सिंह (Anupam singh) के बहनोई का 3 दिन पूर्व ही निधन हो गया था। उन्हीं के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वह अवकाश लेकर अंबाला से अपने घर आ रहा था।

 515 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *