Advertisement

आज से तीन दिवसीय पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला पुलिस एवं आदर्श ग्राम विकास सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस और आम नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव, विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन दिवसीय पुलिस-पब्लिक मैत्री सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 11 से 13 फरवरी तक बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिलपिलो स्थित तारकेश्वर महतो स्टेडियम में आयोजित होगी।

जानकारी देते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने 10 फरवरी को बताया कि आयोजित प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को प्रोत्साहित करना, आपसी संवाद को बढ़ाना तथा समाज में सकारात्मक पुलिस-पब्लिक संबंध स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है। बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच 11 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे से खेला जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह 13 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। तीन दिनों तक विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक फुटबॉल मुकाबले खेले जाएंगे।

एसपी सिंह ने बताया कि समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उनके साथ पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। इसे लेकर बोकारो पुलिस की ओर से आम नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं विशेष रूप से युवाओं से अपील की गई है कि वे इस सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

कहा गया कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा पुलिस-पब्लिक मैत्री को और अधिक मजबूत आधार मिलता है। उक्त प्रतियोगिता के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के साथ मिलकर सामाजिक सौहार्द, विश्वास और विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *