छठ मइया के गीतों से गूंज उठा सूर्य मंदिर परिसर

छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य 

अवध किशोर शर्मा/सोनपुर (सारण)। सारण जिला के हद में सोनपुर के हरिहरक्षेत्र तीर्थ लोक सेवा आश्रम स्थित सूर्य मंदिर प्रांगण में चार दिवसीय चैती छठ के तीसरे दिन छठ पूजा का खूबसूरत दृश्य दिखा।

झारखंड की राजधानी रांची सहित बिहार के विभिन्न जिलों से आए व्रतियों ने भगवान सूर्य के समक्ष व्रत का अनुष्ठान पूर्ण किया। इस मौके पर रात्रिकालीन बेला में हाथी-कोसी भरने का रस्म भी संपन्न किया गया। इससे पूर्व हाजीपुर स्थित कौनहारा घाट, सोनपुर स्थित कालीघाट सहित विभिन्न घाटों पर व्रतियों ने पवित्र स्नान कर डूबते भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

यहां लोकसेवा आश्रम में झारखंड की राजधानी रांची से पहुंचे अनिल कुमार सिंह गौतम दंपति ने भी छठ व्रत का अनुष्ठान पूर्ण किया। वे प्रतिवर्ष छठ पूजा करने यहां आते हैं। इस दौरान उन्होंने छठ व्रतियों को पूजा में प्रयुक्त होने वाले सामग्री भी वितरित किए। इसके अतिरिक्त हाजीपुर, सबलपुर, सोनपुर की व्रतियों ने भी अनुष्ठान पूर्ण किया।

गंगा-गंडक संगम तीर्थ सबलपुर के घाटों, पहलेजा घाट एवं सोनपुर के नमामि गंगे घाट पर भी छठ व्रत का सांध्यकालीन अनुष्ठान पूरा हो गया। संतान की लंबी आयु एवं परिवार की उन्नति के लिए डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देकर हजारों व्रतियों ने छठी मइया के पूजन का विधान बहुत पुराना है।

सूर्य उपासना के इस महापर्व के लिए स्थानीय रहिवासियों ने वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर नगर के विभिन्न तालाबों एवं जलाशयों पर भी छठ व्रत किया और पूजा-अर्चना की।

इस दौरान लोकसेवा आश्रम के समक्ष छठ व्रतियों द्वारा प्रस्तुत छठ मइया के गीतों से वातावरण गूंजता रहा। सबलपुर के जगन्नाथ घाट, सुखदेव घाट पर भी अर्ध्य देते व्रती देखे गए। इसी तरह वैशाली जिला के हद में बिदुपुर, लालगंज, वैशाली, ग़ोरौल, जंदाहा, पातेपुर में भी छठ व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्ध्य दान किया।

*सड़क हादसे में छठ पर्व का सामान लेने जा रहे युवक की मृत्यु*
एक अन्य जानकारी के अनुसार सारण जिला के हद में सोनपुर से सटे नयागांव बाजार जा रहे एक 30 वर्षीय युवक मुन्ना कुमार सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना 27 मार्च को घटित हुई।

मिली जानकारी के अनुसार शोभेपुर के स्वर्गीय आदित्य कुमार सिंह का 30 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार सिंह अपने घर से साइकिल पर सवार होकर नयागांव बाजार जा रहा था। इसी बीच अनियंत्रित ट्रक ने उसे रौंद डाला। इस हादसे में मुन्ना की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर मौजूद रहिवासियों ने घटना की सूचना नयागांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रक चालक को वहां घटनास्थल पर आक्रोशित रहिवासियों ने पकड़ कर नयागांव पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस सड़क हादसे के बाद कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे 19 जाम हो गया।

 119 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *