Advertisement

ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर उपायुक्त ने बेरमो अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों का किया भ्रमण

सभी मिल जुल कर शासन-प्रशासन का करें सहयोग, विकास के बनें सारथी-उपायुक्त

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व में बोकारो जिले में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिला के हद में बेरमो अनुमंडल के जरिडीह, बेरमो, गोमिया तथा पेटरवार प्रखंडों के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर जायजा लिया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

बताया जाता है कि जिला उपायुक्त झा सबसे पहले जिला के हद में जरिडीह प्रखंड के जैनामोड़ तथा तुपकाडीह गए। उसके बाद बेरमो प्रखंड के फुसरो स्थित मिनी कंट्रोल रूम, गोमिया प्रखंड के स्वांग, गोमिया चौक, होसिर, साड़म पूर्वी पंचायत के लालबांध एवं पेटरवार प्रखंड के मस्जिद चौक, लुकैया आदि का भ्रमण किया। सभी स्थानों पर सभी वर्गों के अमन पसंद रहिवासियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने मुस्लिम समाज को ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व की मुबारकबाद दी।

मौके पर उपायुक्त ने सभी वर्गों को मिल जुल कर रहने की बात कहीं। कहा कि शासन – प्रशासन का सहयोग करें, सभी आप सबों के लिए ही है। सभी रहिवासी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए सारथी बने। कहा कि पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। कई स्थानों पर आमजनों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्या से अवगत कराया, जिसके निष्पादन को लेकर उपायुक्त ने संबंधित बीडीओ-सीओ को जरूरी निर्देश दिया।

उन्होंने मौके पर उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ) को आमजनों की समस्याओं को सुनने, प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन करने को कहा। ऐसी व्यवस्था बनाने को कहा कि ज्यादातर आमजनों की समस्या प्रखंड एवं अंचल स्तर पर ही निबटारा हो जाए। जिला प्रशासन के साथ रहिवासियों से संवाद स्थापित करने, सभी वर्गों के से मिलने-जुलने के इस पहल की आमजनों ने काफी सराहना की है।सभी ने उपायुक्त का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर बेरमो प्रखंड के फुसरो स्थित मिनी कंट्रोल का उपायुक्त ने निरीक्षण किया। यहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी से अब तक की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी को अलर्ट रहने और अपना प्रतिनियुक्ति स्थल नहीं छोड़ने, किसी भी तरह की कोई छोटी सी सूचना अथवा शिकायत को भी गंभीरता से लेने को कहा। साथ हीं कहा कि कंपोजिट नियंत्रण कक्ष के लगातार संपर्क में रहे।

निरीक्षण क्रम में उपायुक्त झा ने बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित डैम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बेरमो एसडीओ तथा पेटरवार व् गोमिया बीडीओ से डैम के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। डैम में पर्यटन के विकास को लेकर तैयार योजना और उस दिशा में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *