Advertisement

काशीटांड़ के जंगल में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, हथियार व् विस्फोटक बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के बिरहोरडेरा के जंगल में हाल ही में नक्सलियों से हुई मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बीते 18 जुलाई को काशीटांड़ के जंगल में कोबरा-209 बटालियन और जिला बल की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने 19 जुलाई को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि बीते 16 जुलाई को हुई मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षाबलों को काशीटांड़ के घने जंगल में एक नक्सली ठिकाने से एक सेल्फ लोडेड रायफल (एसएलआर), 20 गोलियां, एक इंसास मैगजीन, एक एसएलआर मैगजीन, दो बंडल कोडेक्स वायर और एक डेटोनेटर बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि बरामद डेटोनेटर को बीबीडीएस टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। एसपी ने इसे सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा कि इससे नक्सली गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि जंगलों में नक्सलियों के और भी ठिकाने मौजूद हो सकते हैं। इसी वजह से आने वाले दिनों में तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *