संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा फलमंडी से गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचा

गांधी को याद करने का अर्थ एकता, भाईचारा और इंसानी मूल्यों को मजबूत बनाना-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा- संघ ब्रिगेड ने देश को सांप्रदायिक-उन्मादी दौर में धकेल दिया है। वे प्रतिदिन गांधीजी के विचारों की हत्या कर रहे हैं। भाजपाई मुख में राम बगल में छूरी रखने वाले हैं। वे गांधी और गोडसे दोनों को मानते हैं। भाजपा-संघ ब्रिगेड धर्म-आस्था का इस्तेमाल राजनीति में कर देश की गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटा देने पर आमादा है।

देश की आजादी में संघ ब्रिगेड की कोई भूमिका नहीं थी, लेकिन आज वे देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। सच बोलने, सच लिखने एवं सच के लिए संघर्ष करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। संविधान, लोकतंत्र एवं जनवादी अधिकारों को कुचला जा रहा है। हमें संविधान, लोकतंत्र, देश एवं जनवादी अधिकार की रक्षा के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना होगा।

उक्त बातें भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने 30 जनवरी को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर स्थित फलमंडी से कर्बला पोखर- हास्पिटल रोड होते हुए नीम चौक स्थित गांधी प्रतिमा स्थल तक संविधान बचाओ- लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा के दौरान गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा।

सभा की अध्यक्षता माले नेता प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। इस अवसर पर माले नेता मो. एजाज, संजीव राय, आसिफ होदा, बिरजू कुमार, मो. कयूम, मो. सज्जाद, शंकर महतो, मो. कासीम, सुरज कुमार, मो. कमरे आलम समेत अन्य दर्जनों माले कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधी शहादत मनाते हुए एक सप्ताह से जारी राज्यव्यापी पदयात्रा के समापन की घोषणा की गयी।

 47 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *