ताजपुर के मुर्गियाचौक से संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा प्रारंभ

गांधी के हत्यारे सत्ता पर काबिज होकर संविधान, लोकतंत्र का गला घोट रहे हैं-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा- संघ ब्रिगेड ने देश को सांप्रदायिक उन्मादी दौर में धकेल दिया है। वे प्रतिदिन कर्पूरी ठाकुर एवं गांधी के विचारों की हत्या कर रहे हैं।

भाजपा- संघ ब्रिगेड पुरुषोत्तम राम नहीं गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के पूजारी और अनुयायी हैं। धर्म- आस्था का इस्तेमाल राजनीति में कर देश की गंगा जमुनी संस्कृति को मिटा देने पर आमादा है। उक्त बातें भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने 28 जनवरी को कही।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी में संघ ब्रिगेड की कोई भूमिका नहीं थी, लेकिन आज वे देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। सच बोलने, सच लिखने एवं सच के लिए संघर्ष करने वालों को जेल में डाला जा रहा है। संविधान, लोकतंत्र एवं जनवादी अधिकारों को कुचला जा रहा है।

हमें संविधान, लोकतंत्र, देश एवं जनवादी अधिकार की रक्षा के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की चुनौती स्वीकार करना होगा। हमें गांव- टोला में संविधान के प्रस्तावना का पाठ करते हुए भाजपा के उन्मादी राजनीति को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाना है।

भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेन्द्र प्रसाद सिंह ने समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचौक, सरसौना, रहीमाबाद, रजबा में पदयात्रा के दौरान संविधान बचाओ- लोकतंत्र बचाओ- भाजपा भगाओ- देश बचाओ जन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी के हत्यारे आज सत्ता पर काबिज होकर संविधान तथा लोकतंत्र का गला घोट रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मुर्गियाचौक से संविधान बचाओ- लोकतंत्र बचाओ- भाजपा भगाओ- देश बचाओ पदयात्रा सरसौना, बहादुरनगर- रहीमाबाद होते रजबा चौक पर पहुंचकर पुनः जन संकल्प सभा के जरिये समाप्त हुआ।

मौके पर प्रभात रंजन गुप्ता, मो. एजाज, मुंशीलाल राय, मो. कयूम, मुकेश कुमार गुप्ता, मो. शकील, सुखिया खातुन, रजनी देवी समेत अन्य दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे। बताया गया कि यह पदयात्रा लगातार महात्मा गांधी के शहादत दिवस 30 जनवरी तक जारी रहेगा।

 78 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *