बिदुपुर से आमी मंदिर तक उत्तरी गंगा पथ व् कोनहुआ से गोपालगंज तक एक्सप्रेस हाईवे
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के सारण जिला से विकास की नई धारा बहाने की तैयारी है। सारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मुख्यमंत्री से उत्तरी गंगा पथ और बाकरपुर-डुमरिया घाट एक्सप्रेस-वे समेत कई बड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का विशेष आग्रह किया है।
सांसद रूडी ने दावा किया है कि बिहार सरकार इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सांसद द्वारा गंगा पथ की तर्ज पर वैशाली जिला के हद में बिदुपुर से नारायणी तट होते आमी मंदिर तक उत्तरी गंगा पथ के निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है। इसके साथ ही गंगा फ्रंट का समग्र विकास भी किया जाएगा। इस परियोजना से सारण और आसपास के जिलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, व्यापार को गति मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
इसी तरह कोनहुआ (दरियापुर) से गोपालगंज तक एक्सप्रेस हाईवे का प्रस्ताव है। बाकरपुर–डुमरिया घाट के शेष कार्य को पूरा करते हुए दरियापुर के कोनहुआ से गोपालगंज तक एक्सप्रेस हाईवे बनाने का प्रस्ताव है। सांसद रूडी ने कहा कि यह आधुनिक सड़क संपर्क क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार देगा।
गोपालगंज-पटना की दूरी घटेगी, सफर सिर्फ डेढ़ घंटे का हो जायेगा
सांसद ने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सांसदों के आग्रह पर गोपालगंज से पटना तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की घोषणा की थी। इसके बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर मात्र डेढ़ घंटे रह जाएगा। इसे बिहार के परिवहन ढांचे के लिए गेमचेंजर बताया जा रहा है। सांसद के मुताबिक, सारण में विकास की कई योजनाएं पहले से स्वीकृत है, जिनमें सोनपुर अनुमंडल के दिघवारा में जेपी सेतु के समानांतर नया पुल, उत्तरी रिंग रोड का विकास, सोनपुर में नया हवाई अड्डा एवं हरिहरनाथ कॉरिडोर शामिल है।
दिघवारा- भेल्दी स्पर शहरी विकास योजनाएं विकसित भारत विजन के अनुरूप
सांसद रूडी ने कहा कि उपरोक्त सभी परियोजनाएं मिलकर सारण सहित पूरे बिहार के विकास का नक्शा बदल देंगी। कहा कि हालिया कैबिनेट में औद्योगिक विकास को प्राथमिकता देना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को साकार करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन परियोजनाओं को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी है और सरकार भी क्रियान्वयन के प्रति प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में ये योजनाएं पूरे उत्तर भारत के विकास का नया मानक स्थापित करेंगी।
![]()













Leave a Reply