पांच साल पुर्व ननिहाल में आयोजित सभा में गृह राज्य मंत्री ने दिया था आश्वासन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जैसी शख्सियत भी सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सबलपुर दियारे को गंगा नदी के कटाव से बचाने के लिए रिग बांध बनवाने के अपने किए वादे और आश्वासनों को आज तक पूरा नहीं कर पाये।
सोनपुर प्रखंड के हद में सबलपुर में महुआ बाग के निकट सबलपुर पछियारी पंचायत के वार्ड क्रमांक एक नव घरवा मोहल्ला के निकट जहां कटाव जारी है उसी के समीप सबलपुर नया बाजार में पांच साल पूर्व 19 अक्टूबर 2019 में एक सभा मंच से गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा था कि सबलपुर के रहिवासियों को गंगा के कटाव से बचाने के लिए रिंग बांध का निर्माण आवश्यक है।
उन्होंने तब सोनपुर के पूर्व विधायक विनय कुमार सिंह, राष्ट्रीय विकास समिति के संयोजक अमोद गोप के साथ कटाव स्थल का निरीक्षण भी किया था। नया बाजार पर अपने अभिनंदन मे आयोजित सभा में उन्होंने कहा था कि रिग बांध निर्माण के लिए वे हर सम्भव प्रयास करेंगे। राष्ट्रीय विकास समिति के संयोजक तथा ग्रामीणों ने उन्हें यहां हुए कटाव की भयावहता तथा उससे हुई क्षति से भी अवगत कराया था।
दौरे के क्रम में गृह राज्यमंत्री राय को ग्रामीणों ने तब बताया था कि हर वर्ष होने वाले कटाव को रोकने के लिए अगर पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया तो आने वाले समय में सबलपुर का अस्तित्व ही गंगा में विलीन हो जाएगा। ग्रामीणों ने उनसे कहा था कि जिस तरह जेपी सेतु को गंगा के कटाव से बचाने के लिए चारों तरफ से सुरक्षित किया गया है, उसी को विस्तारित कर कालीघाट तक रिंग बांध बनाये जाने की जरूरत है।

ज्ञात हो कि, पांच वर्ष पुर्व राष्ट्रीय विकास समिति द्वारा समारोह आयोजित कर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का स्वागत किया गया था। समारोह को संबोधित करते हुए गृह राज्यमंत्री राय ने कहा था कि सबलपुर को कटाव से बचाने के लिए वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा केंद्रीय जल संसाधन मंत्री से बात कर यहां रिंग बांध बनाने का प्रस्ताव रखेंगे।
उन्होंने यह भी कहा था कि यहां के किसानों एवं आमजनों की आर्थिक स्थिति पर गंगा से हो रहे कटाव का गंभीर असर पर रहा है। ऐसी स्थिति में यहां के रहिवासियों की रिंग बांध बनाने की मांग को आगे बढ़ाना एवं इस दिशा में सतत प्रयास करना उनकी प्राथमिकता में शामिल हो गया है। उनका कहना था कि गंगा की गोद में बसे सबलपुर से उनका बहुत ही गहरा व पुराना रिश्ता है। इसी गांव में उनका ननिहाल है। सबलपुर को बचाने के लिए जो भी कदम उठाना पड़ेगा, वे उसे पुरा करेंगे।
मौके सोनपुर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने भी कहा था कि बहुत ही मौके से यहां कटाव और रिंग बांध के निर्माण की मांग उठी है। नवंबर माह में आपदा प्रबंधन व जल संसाधन विभाग की बैठक अगले साल की कार्य योजना बनाने के लिए होती है। इसके पहले यह प्रयास किया जाएगा कि राज्य एवं केंद्र सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर यहां रिंग बांध बनाने का प्रस्ताव जल संसाधन विभाग तक पहुंच जाए।
![]()













Leave a Reply