धूमधाम से पुलिस लाइन ग्राउंड में मना गणतंत्र दिवस

कोरोना काल में गरीबों को मुफ्त राशन एवं दाल-भात केन्द्रों का संचालन किया गया-उपायुक्त
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। 72वे गणतंत्र दिवस (Republic day) के अवसर पर बोकारो जिला प्रशासन (Bokaro District Administration) द्वारा आयोजित मुख्य समारोह सेक्टर-12 पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त राजेश सिंह ने परेड के निरीक्षण के बाद झंडोत्तोलन किया। साथ ही विभिन्न प्लाटून द्वारा झंडे की सलामी दी गई।
कोविड-19 की वजह से यहां गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को संक्षिप्त किया गया था। समारोह में उपायुक्त राजेश सिंह ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर बोकारो जिलेवासियों को बधाई दिया। उन्होंने सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गाॅधी, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, भगत सिंह जैसे तमाम महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि जिनके संघर्षो के कारण हमें आजादी मिली और गुलामी की जंजीरों को काटकर हम गणतंत्र दिवस मनाने के काबिल हुए है। आजादी के पश्चात आज ही के दिन वर्ष 1950 में हमारे देश में एक स्वतंत्र देश का अपना संविधान लागू किया गया था। किसी नागरिक को उसके हक़ अधिकार गणतंत्र से ही प्राप्त होता है। जरूरी है कि लोग गणतंत्र की शक्ति को समझे और देश को समृद्व बनाये। उपायुक्त सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों एवं आम जनता की सुविधा हेतु कई प्रकार के कार्यक्रम चलाये जा रहे है। राज्य सरकार द्वारा तय नीति के अनुसार ही जिला के विकास हेतु प्रशासन दृढ़ संकलिप्त है। इसी के तहत जिला प्रशासन द्वारा हाल के महीनों में जमीनी स्तर पर जनोपयोगी कार्य करने का प्रयास किया गया है। गरीबो व दलीतों को हर संभव आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक अवसर की समानता, युवाओं को रोजगार प्रदान करना, कृषि कार्य एवं जिले का विकास हमारा दायित्व है। हम उक्त क्षेत्र में प्रयासरत एवं अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में बोकारो ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण विश्व कोरोना महामारी से ग्रस्त रहा। कोविड-19 के समय इसकी रोकथाम हेतु जिला प्रशासन द्वारा यथासंभव सभी प्रयास किये गये एवं जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अतुलनीय कड़ी मेहनत कर इसको रोकने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन की ओर से सभी पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को उनके सराहनीय कार्य हेतु धन्यवाद देता हूँ। कोविड 19 के प्रसार की रोकथाम हेतु बीजीएच के चिकित्सकों एवं अन्य पारा मेडिकल कर्मियों का भी समय-समय पर जिला प्रशासन को सहयोग प्राप्त होता रहा, जिसके कारण कोविड-19 प्रभावित मरीजों के इलाज एवं इसके प्रसार को रोकने में सफल हुये। उनके इस कार्य हेतु उपायुक्त ने मंच से अस्पताल प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
उपायुक्त सिंह ने कहा कि कोरोना काल में गरीबों की मदद हेतु मुफ्त राशन वितरण एवं दाल-भात केन्द्रों का संचालन किया गया। कोरोना से प्रभावित मरीजों के ईलाज हेतु बोकारो जिला में कई कोविड सेंटर का संस्थापन करते हुए मरीजो का बेहतर तकनीक से इलाज कराया गया। इसी क्रम में सदर अस्पताल, बोकारो में एनसीडी कार्यक्रम अन्तर्गत अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित 10 बेडेड आईसीयू का निर्माण कराया गया है। मरीजों को यथाशीघ्र एवं आवश्यकतानुसार ब्लड उपलब्ध कराने हेतु सदर अस्पताल बोकारो में ब्लड बैंक का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत कार्यक्रम अन्तर्गत 17 केन्द्रों को हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर के रुप में उन्नयन किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि कोरोना काल में जहां बिमारी के फैलने की पूरी संभावना थी एवं आम जनता में भय व्याप्त था। उस दौर में कोरोना एसओपी का पालन करते हुये बेरमो विधानसभा उपचुनाव कराना जिला प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य था। मुझे खुशी है कि आम जनता, सभी राजनीतिक दलों एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया। इसके लिए उपायुक्त ने आम जनता एवं पुलिस प्रशासन को पुनः धन्यवाद दिया।
उपायुक्त सिंह ने कहा कि दृष्टबाधित बच्चों के शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए इस जिले में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन बच्चों के विकास एवं आत्मविश्वास बढ़ाने तथा जीवन के मुख्य धारा से जोड़ने हेतु जिले में Braille Press & Digital Library की स्थापना हेतु सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो गयी है। शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य प्रारंभ किया जायेगा। उपायुक्त ने कहा कि जिले में बैठक/समारोह/प्रशिक्षण आदि हेतु एक उचित भवन का अभाव लम्बे अरसे से महसूस किया जा रहा था। लगभग 20 करोड़ की लागत से जिला में सभी सुविधायुक्त टाउन हाॅल का निर्माण हेतु नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। निकट भविष्य में इसका भी निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। इसी प्रकार आम जनता की सुविधा हेतु तथा सरकारी कार्यो के सुगमतापूर्वक एवं ससमय निष्पादन हेतु नया समाहरणालय भवन तथा चास में नया अनुमंडल कार्यालय भवन का निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बोकारो वासियों के मनोरंजन के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुुए अमृत पार्क का निर्माण कार्य कराया गया है, जो आम जन के लिए एक आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। इसके अतिरिक्त बोकारो शहर के प्रवेश द्वार गरगा पुल एवं बिरसा मुंडा चौक नया मोड़ का सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया हैै।
उपायुक्त सिंह ने कहा कि बोकारो जिला में एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम एनिमिया मुक्त बोकारो कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत सर्वे कर एनिमिया से प्रभावित व्यक्तियों, बच्चों एवं महिलाओं का इलाज किया जायेगा। उक्त कार्यों के जिला स्तर से सतत निगरानी हेतु एक डैशबोर्ड का निर्माण कराया जा रहा है। बोकारो जिले के सभी एएनएम आगामी दिनों में टैब के माध्यम से वीएचएनडी में किये जा रहे कार्यों का निष्पादन करेंगे। उनके द्वारा प्रतिदिन कृत कार्यों का पर्यवेक्षण ई-एएनएम ऐप के माध्यम से किया जाएगा।
उपायुक्त सिंह ने कहा कि मनरेगा अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगार व्यक्तियों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न प्रखंडों में लगभग 18 हजार योजनाओं का क्रियान्वयन कराया जा रहा है, जिसमें लगभग 36 लाख मानव दिवस का सृजन किया गया है। जो बोकारो जिला में अबतक का सर्वाधिक मानव दिवस सृजन है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में लगभग 82 करोड़ रुपये व्यय कर 2221 योजनाओं को पूर्ण कर लिया गया है। उपायुक्त राजेश सिंह ने बताया कि जिले में विधि व्यवस्था के क्षेत्र में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से शांति का माहौल कायम है। विधि व्यवस्था संधारण में पुलिस अधीक्षक का पूर्णत: सहयोग प्राप्त होता रहा है। इसी का परिणाम है कि विगत वर्षो में विधि व्यवस्था संबंधी कोई गंभीर समस्या उत्पन्न नहीं हुई है। आशा है कि भविष्य में भी जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रुप से आपसी समन्वय के साथ विधि व्यवस्था का संधारण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस जिले के निवासियों ने देश में ही नहीं बल्कि देश के बाहर भी विदेश में बोकारो जिला का गौरव अपनी उपलब्धियों से बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष बोकारो जिला के लिए शांतिपूर्ण एवं उपलब्ध्यिों का वर्ष रहा है। शांति के खुशनुमा माहौल में वे बोकारो जिला को शिखर तक पहुंचाने का प्रयास करेगें। विकास कार्यो की कोई सीमा नहीं होती है। यह एक अनवरत प्रक्रिया है। रास्ते कठीन है और संसाधन सीमित है। सीमित संसाधनों में हम अधिक से अधिक प्रगति कर सके, यही हमारा लक्ष्य है। यही हमारा प्रयास है। इसके लिए सभी बोकारो वासियों का सहयोग अपेक्षित है।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न 11 विभागों द्वारा झांकी प्रस्तुत की गई। जिसमें स्वास्थ्य विभाग, डीआरडीए, पशुपालन, स्वच्छ भारत मिशन, जिला जनसंपर्क कार्यालय, समाज कल्याण, पुलिस विभाग के अलावा कई विभाग की झाकियां भी प्रस्तुत की गई। उक्त सभी झांकियों में से
स्वास्थ्य विभाग तथा साइबर अपराध से जुड़ी झांकी लोगो का खास आकर्षण बना रहा क्योंकि दोनों की प्रासंगिकता आज के दौर में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक कोयला क्षेत्र प्रभात कुमार, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा, उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता, निदेशक डीआरडीए सादात अनवर, अपर नगर आयुक्त शशि प्रकाश झा, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह सहित जिले के अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित थे।

 264 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *