गरखा प्रखंड के मौजमपुर एवं जलाल बसंत में जन संवाद कार्यक्रम

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रियंका रानी की अध्यक्षता में 30 अक्टूबर को सारण जिला के हद में गरखा प्रखंड के ग्राम संठा मौजमपुर एवं ग्राम जलाल बसंत में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि सरकार के लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने में जन संवाद एक सेतु का काम कर रही है।

उन्होंने उपस्थित जन-समूह से जन संवाद के क्रम में कहा कि यदि योजनाओं की जानकारी नहीं होगी तो फिर लाभ कैसे लेंगे? इसलिए योजनाओं की जानकारी का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी तरह की शिकायत हो तो इसका भी निराकरण संबंधित अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय एवं जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में किया जाता है।

जनसंवाद के क्रम में अपर समाहर्ता सारण, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी गणों द्वारा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, परिवहन विभाग, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता योजना, नल जल योजना, राजस्व, नियोजन से संबंधित एवं कौशल विकास योजना आदि के बारे में विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इस अवसर पर महिला हेल्प लाईन, साइबर क्राइम से बचने के उपाय तथा प्रत्येक शनिवार को जनता दरबार की जानकारी से जन समूह को अवगत कराया गया।

वहीं भूमि विवाद का निपटारा, जमाबंदी सुधार, आधार सीडिंग का कार्य, भूमिहीनों को चिन्हित करने एवं अभियान बसेरा से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी गई। जन संवाद कार्यक्रम को जिले के सभी विभागों के पदाधिकारियों के द्वारा उपस्थित जन-समूह को जिले में संचालित सरकार की महत्वपूर्ण विकासात्मक एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

साथ ही, रहिवासियों से फीडबैक भी प्राप्त किये गये। जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम जन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित की। कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

 53 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *