Advertisement

दिल्ली पुलिस द्वारा बिहारी युवक की हत्या को ले प्रतिरोध मार्च व् गृहमंत्री का पुतला दहन

भाजपा को बिहार और बिहारी अस्मिता सिर्फ चुनाव में याद आती है-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में बिहारी युवक पांडव कुमार को दिल्ली पुलिस द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में 29 अप्रैल को समस्तीपुर शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला गया। प्रतिरोध मार्च निकालकर आइसा एवं नागरिक समाज के बैनर तले गृहमंत्री का पूतला दहन किया गया।

जानकारी के अनुसार उक्त घटना से आक्रोशित आइसा एवं नागरिक समाज के दर्जनों कार्यकर्ता शहर के सर्किट हाउस से एकत्रित होकर अपने-अपने हाथों ने झंडे, बैनर, मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां एवं गृहमंत्री का पूतला लेकर प्रतिरोध मार्च निकाला। नारे के साथ प्रतिरोध मार्च मुख्य मार्गों का भ्रमण कर गायत्री कांप्लेक्स पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया‌।

सभा की अध्यक्षता आइसा समस्तीपुर जिलाध्यक्ष लोकेश राज तथा संचालन जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने किया। सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहारी होने के नाम पर युवक को गोली मारने की घटना गंभीर है। इसकी निष्पक्ष जांच कर बिहार में दोषी पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने एवं स्पीडी ट्रायल चलाकर बिहार में सजा देने, मृतकों के परिवारजन को सरकारी नौकरी एवं 20 लाख रुपए मुआवजा देने, संपूर्ण देश में काम के सिलसिले में गये बिहारियों की रक्षा करने एवं बिहार में ही कल-कारखाने, उद्योग-धंधे का जाल बिछाकर बिहारियों को नौकरी-पेशा-रोजगार देने की मांग की।
माले नेता सिंह ने मार दिया तो क्या हुआ जैसे बिगड़े बोल बोलने वाले पुर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी एवं बिहार फर्स्ट-बिहारी फर्स्ट का नारा देने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की भी जमकर आलोचना की।

अंत में आक्रोशपूर्ण नारे के बीच गृहमंत्री अमित शाह का पूतला फूंककर विरोध दर्ज कराया गया। मौके पर नागरिक समाज के दीनबंधु प्रसाद, रामबली सिंह, राजद नेता शाहीद हुसैन, भाकपा माले के मो. सगीर, मनोज कुमार सिंह, मनोज शर्मा, मो. सोनू, आइसा के लोकेश कुमार, सुनील कुमार सिंह, राजू झा, दीपक यदुवंशी समेत बड़ी संख्या में आइसा व् भाकपा माले कार्यकर्ता उपस्थित थे।

विदित हो कि बीते 25 अप्रैल की रात्रि दिल्ली के द्वारका में अपने दोस्त के घर पार्टी से लौट रहे डेलीवरी बॉय पांडव कुमार एवं उसके दोस्त को दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल निरज कुमार ने रोककर गाली-गलौज करने लगा। जब युवक ने उसका विरोध किया तो सीना में पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली पांडव के सीना छेदते हुए उसके दोस्त को लग गई। पांडव की मौत मौके पर हो गई और उसका दोस्त इलाजरत है। मृतक पांडव कुमार बिहार के खगड़िया जिला का स्थायी रहिवासी है। दिल्ली में रहकर वह डेलीवरी बॉय का काम करता था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *