गंगा उत्सव के तहत तेनुघाट डैम परिसर में कार्यक्रम का आयोजन

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। नमामि गंगे योजना अंतर्गत गंगा उत्सव के तहत 2 नवंबर को बोकारो जिला (Bokaro District) के हद में तेनुघाट डैम परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में गोमिया विधायक (MLA) के अलावा बोकारो जिला उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो, प्रखंड विकास पदाधिकारी पेटरवार, गोमियां के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी पेटरवार, प्रमुख सीमा देवी, स्थानीय पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं काफी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

मौके पर गोमिया विधायक ने स्थानीय रहिवासियों से नदियों के संरक्षण, स्वच्छता के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर जिले से होकर गुजरने वाली दामोदर नदी को स्वच्छ बनाएं।

उपायुक्त (Deputy Commissioner) ने कहा कि गंगा उत्सव के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्थानीय रहिवासियों की भागिदारी भी दिख रही है। उन्होंने नदियों को स्वच्छ रखने का उत्सव को प्रतिदिन करने की अपील की।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि नमामि गंगे अंतर्गत गंगा उत्सव राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। एक से तीन नवंबर तक गंगा उत्सव मनाया जा रहा है। जिले में जिन प्रखंडों से होकर दामोदर नदी गुजर रही है उन प्रखंडों में लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

विद्यालयों में चित्रांकन, क्विज आदि प्रतियोगिता के माध्यम से नदियों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर कदम आप सबों के साथ है, लेकिन जब तक इसमें आम लोगों की भागीदारी नहीं होगी यह कार्यक्रम सफल नहीं होगा।

इसमें आप सबों का अहम योगदान है। पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए नदियों को स्वच्छ रखना बेहद जरूरी है। नदियों का हमारे जीवन में काफी महत्व है।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अनंत कुमार, बीडीओ शैलेंद्र कुमार, बीडीओ गोमियां कपिल कुमार, अंचलाधिकारी पेटरवार ब्रजेश श्रीवास्तव ने भी लोगों को संबोधन किया। लोगों में जागरूकता के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

जहां विधायक, उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, पूर्व विधायक, अनुमंडल पदाधिकारी, अन्य पदाधिकारियों समेत स्थानीय लोगों ने हस्ताक्षर कर नदी को स्वच्छ बनाने में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

जानकारी के अनुसार तेनुघाट डैम परिसर में 2 नवंबर की शाम गोमियां विधायक, उपायुक्त कुलदीप चौधरी, उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, एसडीओ अनंत कुमार, बीडीओ पेटरवार व अन्य पदाधिकारी, कर्मी व स्थानीय लोगों ने गंगा आरती (दामोदर आरती) की।

आरती का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। मौके पर उपस्थित विधायक, डीसी कुलदीप चौधरी, डीडीसी जय किशोर प्रसाद, एसडीओ अनंत कुमार, बीडीओ पेटरवार शैलेंद्र कुमार ने दामोदर नदी को स्वच्छ बनाने की लोगों को प्रतिज्ञा दिलाई।

कहा कि करोड़ों लोग मां गंगा (दामोदर) पर अपने जीवन के लिए आश्रित हैं, मगर आज यह पवित्र नदी अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। भारत के नागरिक के रूप में मैं शपथ लेता हूं कि गंगा (दामोदर) के घाट को साफ रखूंगा। गंगा (दामोदर) को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को प्रेरित करूंगा।

गंगा (दामोदर) में कूड़ा कचरा व पालिथीन नहीं डालूंगा। गंगा (दामोदर) में नहाते हुए साबुन का प्रयोग नहीं करूंगा। गंगा (दामोदर) में कपड़े धोते वक्त डिटर्जेंट का प्रयोग नहीं करूंगा। उपस्थित सभी ने इसका दोहराव किया।

तेनुघाट डैम परिसर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से गंगा, दामोदर व अन्य नदियों के जल संरक्षण एवं नदियों के पानी को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। छात्र छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से जल का एक – एक बूंद अनमोल है उसे दर्शाया।

कार्यक्रम में पेटरवार प्रखंड के हद में संचालित सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने नदियों, पानी एवं स्वच्छता विषय पर केंद्रित करते हुए विभिन्न नाटकों का मंचन किया। नमामि गंगे, जल संरक्षण परियोजना आदि का मंचन कर जीवन में पानी का महत्व एवं इसकी सुरक्षा, संरक्षण का संदेश दिया।

मौके पर सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, पेटरवार प्रमुख सीमा गुप्ता, जिप सदस्य मंजू जैन, सांसद प्रतिनिधि शांति लाल जैन, संजय गुप्ता, पतकी मुखिया नारायण गंझू, मुकेश महतो, गोपाली विश्वनाथन सहित कई लोग मौजूद थे।

 147 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *