विधायक के निर्देश पर हटाये गये स्वामी विवेकानंद स्कूल के प्रधानाध्यापक

आर. पी. सिंह के बदले विद्यालय की शिक्षिका अनिता सिंह बनायी गयी प्रधानाध्यापिका

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल (अनुप सिंह) के निर्देश पर बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल के प्रधानाध्यापक आर. पी. सिंह को उक्त पद से हटा दिया गया। सिंह के बदले विद्यालय की शिक्षिका अनीता सिंह को नया प्रधानाध्यापक बनाया गया। निवर्तमान प्रधानाध्यापक सिंह ने इसे अन्यायपूर्ण निर्णय करार दिया, जबकि नयी प्रधानाध्यापिका अनीता सिंह ने अनिच्छा जाहिर की है।

जानकारी के अनुसार बेरमो विधायक सह स्वामी विवेकानंद स्कूल के अध्यक्ष कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह के आदेश पर 18 अक्टूबर को उक्त विद्यालय के नई प्रधानाध्यापिका के पद पर अनिता सिंह की नियुक्ति की गई। वहीं पूर्व प्रधानाध्यापक राम प्रवेश सिंह को उक्त पद से मुक्त कर दिया गया। बताया जाता है कि पूर्व प्रधानाध्यापक राम प्रवेश सिंह पर विद्यालय प्रबंध समिति एवं छात्र छात्राओं के अभिभावकों द्वारा कई तरह के आरोप लगने की बात कही गई है।

चार्ज हैण्डओवर एवं टेकओवर के अवसर पर बोकारो थर्मल थाना के इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी आरके राणा के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार एवं बतौर विधायक प्रतिनिधि प्रदेश कांग्रेस सचिव व बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के अलावे उक्त विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं यथा वीरमणि पांडेय, युगल किशोर झा, मुक्ता कुमारी, साजेश कुमार गुप्ता, रीता कुमारी, अस्थायी शिक्षिका साजदा आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि सिंह विद्यालय के कक्षाओं का अवलोकन कर उपस्थित छात्रों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने छात्रों से महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला, स्वामी विवेकानंद के बारे में कई प्रश्न पुछे। उपस्थित छात्रों द्वारा जबाब नहीं मिलने से सिंह नाराज हो गये।

इसके बाद उन्होंने उपस्थित वर्तमान तथा पूर्व प्रधानाध्यापक तथा शिक्षकों को कहा कि चिकित्सक या अभियंता की गलती से एक दो प्रभावित होते हैं, लेकिन शिक्षक की गलती से पुरा समाज प्रभावित होता हैं। इसलिए सभी मिलकर यहां शिक्षा के स्तर में सुधार लाएं तभी विद्यालय का भला होगा। उन्होंने छात्रों की कम उपस्थिति पर भी नाराजगी व्यक्त की तथा कहा कि आप सभी यहां सुधार लाएं।

आपकी परेशानियों को निश्चित हीं विधायक दूर करेंगे। पूर्व प्रधानाध्यापक आरपी सिंह ने कहा कि वे विधायक के आदेश का सम्मान करते हुए उक्त पद से हटे हैं। वे अब केवल एक शिक्षक के तौर पर विद्यालय की बेहतरी के लिए सेवा देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें दुःख है कि उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका नहीं दिया गया।

वर्तमान प्रधानाध्यापिका अनीता सिंह ने कहा कि वे यह पद प्राप्त होने से खुश नहीं हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे विद्यालय की बेहतरी के लिए अवश्य प्रयास करेंगी। मौके पर नवनियुक्त प्राचार्या अनिता सिंह को उपस्थित जनों ने बधाई एवं शुभकामना दी।

 

 108 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *