पुलिस ने जेजेएमपी का इनामी सब जोनल कमांडर समेत दो नक्सली को किया गिरफ्तार

गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एके-47 व् जिंदा कारतूस बरामद

एस. पी. सक्सेना/लातेहार (झारखंड)। लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर इनदिनों जिले में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें पुलिस को सफलता भी मिल रही है।

लातेहार एसपी अंजनी अंजन की सटीक सूचना तंत्र ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। इसी क्रम में बीते 20 अक्टूबर को एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लातेहार जिला के हद में हेरहंज थाना क्षेत्र में छापामारी कर नक्सली संगठन जेजेएमपी के सब जनरल कमांडर सुशील उरांव और दस्ता के सदस्य अमरेश उरांव को हथियार के साथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार जेजेएमपी नक्सली सुशील उरांव पर 5 लाख रुपए का इनाम भी घोषित था। बताया जाता है कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के सिकित गांव के समीप ठहरा हैं।

इस सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर मनिका थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह और हेरहंज थाना प्रभारी शुभम कुमार के नेतृत्व में जिला पुलिस और सीआरपीएफ की टीम गठित कर नक्सलियों के खिलाफ छापामारी की गई।

इस दौरान पुलिस को देखकर नक्सली भागने लगे। पुलिस ने मोटरसाइकिल से भाग रहे दो नक्सलियों को दबोच लिया। छानबीन के बाद पता चला कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार नक्सली जेजेएमपी का सब जोनल कमांडर सुशील उरांव उर्फ बीरबल है। उसके साथ गिरफ्तार दूसरा नक्सली अमरेश उरांव है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली सुशील उरांव पर सरकार द्वारा 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था। उसके साथ गिरफ्तार दूसरा नक्सली अमरेश उरांव उसका प्रमुख सहयोगी था।

दोनों नक्सली लातेहार जिले के मनिका थाना के हद में मनधनिया गांव के रहने वाले हैं।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक एके-47 राइफल, एक देसी कट्टा, 82 जिंदा कारतूस सहित कई मोबाइल तथा अन्य सामग्री बरामद किया गया हैं।

एसपी के अनुसार गिरफ्तार नक्सली के ऊपर लातेहार, गढ़वा, पलामू और चतरा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में 35 से अधिक उग्रवादी मामले दर्ज हैं। यह मुख्य रूप से मनिका थाना क्षेत्र और आसपास के इलाके में काफी सक्रिय रहता था। इसकी गिरफ्तारी के बाद जेजेएमपी नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने एक-47 जैसे अत्याधुनिक हथियार बरामद किए हैं। संभावना जताई जा रही है कि यह पुलिस से लूटा गया हथियार है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि बरामद हथियार के संबंध में पूरी छानबीन की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिली हैं। इस अवसर पर सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के कमांडेंट वेद प्रकाश त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारीगण उपस्थित थे।

 85 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *