मोबाइल का फ्लैशलाइट जलवाकर पीएम मोदी ने जनता से मांगा समर्थन

खूंटी से अर्जुन मुंडा और सिंहभूम से गीता कोड़ा के लिए की मतदान की अपील

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 2 दिवसीय चुनावी दौरे पर तीन मई को झारखंड पहुंचे।

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंचने पर पीएम ने सर्वप्रथम एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि मेरा झारखंड दिल्ली से कम है क्या? उन्होंने कहा कि आपका ये प्यार, ये आशीर्वाद… यही मोदी की ताकत है। भाजपा और झारखंड का रिश्ता दिल का है। झारखंड की जनता की भावनाओं को अगर कोई समझता और सुलझाता है तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही है।

Oplus_131072

पीएम मोदी ने कहा कि झारखंड को अटल बिहारी बाजपेयी तथा भाजपा ने बनाया। कांग्रेस ने झारखंड का घोर विरोध किया। ये भाजपा की ताकत और अटल जी की दिव्य-दृष्टि थी कि झारखंड बना। कांग्रेस को मंजूर नहीं था कि यहां के संसाधन आपके काम आए।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वो एक रुपये देते थे तो उसमें से 85 पैसे मार लेते थे। आज मैं एक रुपये भेजता हूं तो पूरा 100 पैसा आपके अकाउंट में जाता है।

आयोजित जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने आगामी 13 मई को खूंटी सीट से अर्जुन मुंडा और सिंहभूम से गीता कोड़ा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। इसके लिए मौजूद भीड़ को उन्होंने मोबाइल का फ्लैश लाइट जलवा कर समर्थन मांगा। इस दौरान सभा में जमकर मोदी-मोदी के नारे लगे।

इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि हमने बाबा साहेब की जयंती पर आयुष्मान भारत योजना लॉन्च की और वो भी झारखंड की भूमि से की। आज गरीबों को 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त मिल रहा है। मुद्रा योजना की शुरुआत हमने झारखंड के दुमका से की। इसी तरह मोदी की गारंटी की गाड़ी भी हमने झारखंड के खूंटी से शुरू की। इसलिए तो मैं कहता हूं झारखंड और भाजपा का दिल का नाता है।

आज झारखंड के हर कोने में विश्वास के साथ, उमंग के साथ, उत्साह के साथ… एक ही बात कह रहा है फिर एक बार मोदी सरकार। हमने जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की है। कहा कि सिंहभूम और झारंखंड की धरती… आदिवासी क्रांतिकारियों की धरती है, लेकिन कांग्रेस ने आदिवासियों के बलिदान को कभी सम्मान नहीं दिया।

कांग्रेस आजादी का पूरा श्रेय केवल एक परिवार को देना चाहती है, लेकिन ये भाजपा है, जिसने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन को एक और पहचान दी- इस दिन को हम जनजातीय गौरव के रुप में मनाते हैं।

जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी थी। बड़ी संख्या में समर्थक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे का मास्क पहने थे। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात थे। चाईबासा के टाटा कॉलेज में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभा को लेकर जगह-जगह सुरक्षा बल के जवान तैनात थे।

इंट्री गेट पर जांच के बाद ही किसी को भी अंदर आने दिया जा रहा था। कोल्हन यूनिवर्सिटी से लेकर चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान तक जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ अर्ध सैनिक तथा राज्य पुलिस बल की टुकड़ियां तैनात थी।

 61 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *