एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड विधानसभा की गैर सरकारी संकल्प समिति जिला दौरे पर 7 जून को बोकारो परिसदन पहुंची। परिसदन सभागार में समिति के सभापति सह धनबाद के विधायक राज सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक की गयी।
मौके पर समिति के सदस्य सह बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, सदस्य सह शिकारीपाड़ा विधायक आलोक कुमार सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित थे। झारखंड विधानसभा की गैर सरकारी संकल्प समिति के सभापति ने क्रमवार सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति कार्य की समीक्षा की।
विभागवार प्राप्त अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन के आधार पर विभागीय पदाधिकारियों से जानकारी ली तथा कई आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए। समिति ने भूमि सुधार विभाग, खनन विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, वन विभाग, श्रम विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, कल्याण विभाग, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गयी।

समिति के सभापति ने सभी पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया। कई विभाग में आवंटन में कमी के कारण कार्य प्रगति संतोषजनक नहीं है। राज्य मुख्यालय से इस बाबत पत्राचार करने का निर्देश दिया। वहीं, बोकारो एयरपोर्ट का संचालन शुरू करने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा बीएसएल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर रूकावटों को अविलंब दूर करने को कहा।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, जिला खनन पदाधिकारी रवि कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खलखो, बीएसएल प्रबंधन के अधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण शामिल थे। इससे पूर्व सर्वप्रथम जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने समिति के सभापति राज सिन्हा सहित सदस्यों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
![]()













Leave a Reply