वाशीनाका के लोगों के साथ मनपा का सौतेला रवैया

प्रहरी संवाददाता/ मुंबई। मनपा द्वारा वाशीनाका की जनता के साथ कथित तौर पर सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है। ऐसा यहां के समाजसेवकों का कहना है। क्योंकि मनपा के परिमंडल 5 में स्थित एम पश्चिम विभाग में आम नागरिकों के बच्चों के लिए खेल का मैदान, स्वीमिंग पुल,नाना नानी पार्क या स्वास्थ्य केंद्र नहीं है। जिसके कारण यहां के लोगों में मनपा के प्रति आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में स्थानीय नागरिकों ने चेंबूर के शिवसेना विधायक प्रकाश फातर्पेकर और मनपा वार्ड क्रमांक 155 के शिवसेना नगरसेवक चंद्रकांत शेट्टे से गुहार लगाई है।

बता दें कि खेल एवं व्यायाम को बढ़ावा देने के लिए मनपा ने मुंबई शहर एवं उपनगरों में 7 नए स्वीमिंगपूल के निर्माण की तैयारी की है। मौजूदा समय में मनपा के पास 7 स्वीमिंग पूल हैं। हाल ही में इसके लिए मनपा आयुक्त अजोय मेहता ने परिमंडल उपायुक्तों की मासिक बैठक में सभी परिमंडलों में एक नए स्वीमिंग पूल के लिए जगह की तलाश करने का आदेश दिया था। इसके तहत सभी सातों परिमंडलों में स्थान निश्चित कर प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की गयी। मनपा आयुक्त ने आगे की कार्रवाई का आदेश संबंधित अधिकारियों को दिया है।

मनपा द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक परिमंडल-एक अंतर्गत डी वार्ड के लेडी लक्ष्मीबाई जगमोहनदास मार्ग स्थित प्रिय दर्शनी में एवं जबकि परिमंडल-दो अंतर्गत मनपा के जल अभियंता की मालिकी अधिकार वाले वर्ली हिल रिजर्ववायर परिसर में स्वीमिंग पूल का प्रस्ताव है। परिमंडल-4 में पी/उत्तर वार्ड के पास चाचा नेहरू मैदान एवं परिमंडल 5 में एम/पूर्व प्रभाग अंतर्गत देवनार गांव में मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित भूखंड पर स्वीमिंग पूल का प्रस्ताव है।

जबकि परिमंडल-6 के तहत विक्रोली पूर्व टैगोर नगर स्थित राजश्री शाहूजी महाराज क्रीड़ागण एवं परिमंडल-7 अंतर्गत दहिसर पश्चिम में आरटीओ कार्यालय के पास स्वीमिंग पूल का प्रस्ताव है। लेकिन मनपा द्वारा प्रस्तावित स्थानों में वाशीनाका परिसर नहीं है। इसे देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने विधायक प्रकाश फातर्पेकर और नगरसेवक चंद्रकांत शेट्टे से उक्त मागों की गुहार लगाई है।

यहां के रहिवासियों ने खेल का मैदान, बुजुर्गों के लिए नाना नानी पार्क, स्वीमिंग पूल आदि की मांग की है। इस पर विधायक फातर्पेकर ने आश्वासन दिया है कि इस कमी को जल्द ही पूरा किया जाएगा। बता दें कि यहां के सांसद राहुल शेवाले भी शिवसेना के ही हैं। बावजूद इसके यहां के लोगों के बच्चों के लिए खेल का मैदान, बुजुर्गों के लिए नाना नानी पार्क, स्वीमिंग पूल आदि की कमी खल रही है।

यहां के स्थानीय लोगों का कहना है कि चेंबूर विधानसभा व अणुशक्तिनगर विधानसभा की हद में आने वाले वाशीनाका परिसर में बच्चों के खेलने कूदने या स्वास्थ्य से सबंधित मनपा के सौतेले रवैये के कारण लोगों में रोष देखा जा रहा है। सूत्रों की माने तो आरक्षित भूखंड़ों को भी किसी न किसी तरह दूसरे मद में आवंटित किया जा चुका है। बता दें कि वाशीनाका को औद्योगिक क्षेत्र के नाम से जाना जाता है।

इस परिसर में देश की विभिन्न बहुराष्ट्रीय केमिकल्स कंपनियां हैं, जो दिनों रात जहर उगलती हैं। वहीं घनी आबादी वाले इस परिसर में लोगों के लिए या उनके बच्चों के मनोरंजन का कोई साधन नहीं है। अलबत्ता यहां की हर कंपनियों के पास निजी तौर पर उपरोक्त सारी सुविधाएं हैं जहां आम लोगों को जाने नहीं दिया जाता है।

 377 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *