समुद्र किनारे मुंबई का सबसे बड़ा ‘फुटपाथ’

मुंबई। मुंबई के नागरिक समुद्र के किनारे काफी दूर तक पैदल चलने का आनंद ले सकेंगे। मनपा की अतिमहत्वाकांक्षी कोस्टल रोड परियोजना का काम तेज गति से चल रहा है। इस परियोजना के तहत नागरिकों को समुद्र के किनारे मुंबई का सबसे बड़ा फुटपाथ उपलब्ध हो सकेगा। इस 6.4 किमी लंबे फुटपाथ की चौड़ाई 20 मीटर होगी। इस फुटपाथ का निर्माण वरली -हाजीअली -प्रियदर्शनी पार्क के बीच किया जाना है। फिलहाल दक्षिण मुंबई में नेताजी सुभाष मार्ग (मरीन ड्राईव) से सट कर बने सबसे बड़े समुद्री फुटपाथ की लंबाई 3.5 किमी है।

कोस्टल रोड परियोजना के तहत बनने वाला समुद्री फुटपाथ इसका दो गुना लंबा होगा। यह जानकारी कोस्टल रोड परियोजना के प्रमुख अभियंता मोहन माचीवाल ने दी है। दक्षिण मुंबई स्थित श्यामलदास गांधी फ्लाई ओवर ब्रिज (प्रिन्सेस स्ट्रीट फ्लायओवर) से ‘राजीव गांधी समुद्र सेतु (वरली बांद्रा सी-लिंक) वरली की तरफ 9.98 किमी कोस्टल रोड के पहले चरण का काम शुरू है। 3.45 किमी लंबा कोस्टल रोड टनल के रूप में होगा। यह टनल प्रिन्सेस स्ट्रीट फ्लायओवर ब्रिज से प्रियदर्शनी पार्क के बीच बनने वाला है। प्रियदर्शनी पार्क से वरली बांद्रा सी लिंक तक कोस्टल रोड से सट कर समुद्र के किनारे सबसे बड़ा 65 फुट चौड़ा फुटपाथ का निर्माण किया जायेगा।

कोस्टल रोड के तहत लोटस से समुद्री महल के बीच लगभग 400 मीटर लंबा एवं 45 मीटर चौड़ा वैशिष्ट्यपूर्ण पुल का भी निर्माण किया जाना है। इस पुल के दोनों तरफ 3.5 मीटर चौड़ा कुल 7 मीटर चौड़ा फुटपाथ बनाया जायेगा। वरली बांद्रा सी-लिंक के वरली की तरफ प्रियदर्शनी पार्क तक कोस्टल रोड की लंबाई 6.4 किमी रहेगी। फुटपाथ के सुशोभीकरण के तहत देसी पेड़ लगाये जाने हैं इसके साथ ही नागरिकों को बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था की जाएगी।

कोस्टल रोड के लिए समुद्र को पाट कर 96 लाख 87 हजार 510 वर्ग फुट भूखंड उपलब्ध होने वाला है। इस भूखंड के 22 प्रतिशत हिस्से मतलब 21 लाख 52 हजार 780 वर्ग फुट क्षेत्र में कोस्टल रोड का निर्माण किया जाएगा। बचे हुए 78 प्रतिशत भूखंड पर नगरी सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। समुद्र किनारे फुटपाथ इसी सुविधा में शामिल है। 1 हजार 625 वाहन क्षमता वाले तीन अंडर ग्राउंड पार्किंग, तितली उद्यान, सायकल ट्रैक, ओपन थियेटर, खेल का मैदान, सार्वजनिक शौचालय आदि की भी सुविधा मनपा की तरफ से उपलब्ध करायी जाएगी।

 


 1,451 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *