गरीबों के लिए 14 लाख घर बनाएगी म्हाडा

साभार/ मुंबई। म्हाडा और केंद्र सरकार ने 2022 तक सबको घर देने के वादे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इसके तहत म्हाडा महाराष्ट्र में 14 लाख घर बनाएगा, जिसमें से 2.25 लाख घर एमएमआर (मुंबई महानगरीय क्षेत्र) में बनाए जाएंगे। म्हाडा के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार इनमें से 25,000 से अधिक घरों का काम शुरू भी कर दिया गया है।

म्हाडा के वरिष्ठ अधिकारी ने महाराष्ट्र में 2.25 लाख घरों के लिए 270 करोड़ रुपये मंजूर होने की जानकारी दी है। अधिकारी ने यह भी बताया कि एमएमआर के भीतर ठाणे, दिवा और कोकण बोर्ड की सीमा में अधिक घर बनाने की हमारी कोशिश है। पीएमएवाई के घरों की मांग के लिए किए गए सर्वे में महाराष्ट्र में 21 लाख आवेदन मिल हैं। इसमें एमएमआर पर आवेदनों की संख्या अधिक है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 2.25 लाख में से 1,80,000 घर निम्न आयवर्ग और निम्नतम आयवर्ग के लिए होंगे। इसके अलावा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए घरों का आरक्षण किया गया है। ज्ञात हो कि म्हाडा की लॉटरी में गरीबों के लिए सिर्फ 8 घर शामिल किए जाने से महाराष्ट्र सरकार की इस आवास निर्माण संस्था की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे थे। म्हाडा प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) में इसकी भरपाई करना चाहती है। इसलिए मंजूर हुए घरों में से अधिकांश निम्न आयवर्ग और निम्नतम आयवर्ग के लिए बनाने का निर्णय लिया गया है।

 298 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *