मुंबई में थमा चुनाव प्रचार का शोर

मुंबई। लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में मुंबई की 6 सहित महाराष्ट्र की कुल 17 संसदीय सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जिसके लिए शनिवार को प्रचार समाप्त हो गया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पूरी ताकत झोंकने वाले नेता अब वोटरों को बूथ तक पहुंचाने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। महाराष्ट्र के आखिरी चरण के चुनाव में भाजपा -शिवसेना महायुति के समक्ष जहां अपने गढ़ को बचाने की चुनौती है तो वहीं कांग्रेस -राकां महाआघाड़ी इस बार कुछ कर दिखाना चाहती है। यही कारण है कि शनिवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया तो गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने मुंबई में भाजपा उम्मीदवार के लिए रोड शो किया।

चौथे चरण के चुनाव में रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे (धुले ), गोपाल शेट्टी (उत्तर मुंबई), पूनम महाजन (उत्तर मध्य मुंबई), मिलिंद देवरा (दक्षिण मुंबई), अजित पवार के पुत्र पार्थ पवार सहित अन्य नेताओं के भाग्य का फैसला होना है। चौथे चरण में महाराष्ट्र की 17 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 17 सीटें शिवसेना और बीजेपी जीतने में कामयाब रही थी। शिवसेना को 9 और बीजेपी को 8 सीटें मिली थीं। कांग्रेस और एनसीपी को एक भी सीट नहीं मिली थी। इस बार बदले हुए समीकरण में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन ने शिवसेना-बीजेपी के दुर्ग भेदने की पूरी तैयारी कर रखी है।

मुंबई की सभी 6 के अलावा ठाणे एवं पालघर जिले की 4 सीटों पर महायुति एवं आघाड़ी के बीच जबरदस्त मुकाबला है। चुनाव प्रचार समाप्त हो जाने के बाद अब घर घर पहुंच कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की मुहिम शुरू है। पार्टी के नेताओं के सबसे बड़ी चुनौती मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक पहुंचाने की है। लोकसभा चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों एवं पार्टी नेताओं के लिए मतदान के पहले तक 36 घंटे अधिक महत्वपूर्ण है। प्रचार समाप्त होने एवं मतदान शुरू होने के बीच तक के समय में बहुत बड़ा खेल होने की संभावना रहती है। मतदाताओं को बरगलाने के लिए पैसे एवं शराब का भी उपयोग किया जाता है।

पार्टियों के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने इलाकों में विशेष कर रात में सजग रहने का निर्देश दिया गया है। पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर मुंबई से भाजपा के गोपाल शेट्टी ने भारी मतों से जीत हासिल की थी इस बार कांग्रेस के टिकट पर अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर उन्हें चुनौती दे रहीं हैं। दक्षिण मुंबई में कांग्रेस के मिलिंद देवरा एवं शिवसेना सांसद अरविंद सावंत के बीच कांटे की लड़ाई है। उत्तर पूर्व मुंबई में किरीट सोमैया की जगह भाजपा ने मनोज कोटक को उम्मीदवारी दी है, उनकी टक्कर राकां के संजय पाटिल से है।

उत्तर मध्य मुंबई में भाजपा सांसद पूनम महाजन के खिलाफ पूर्व सांसद प्रिया दत्त मैदान में हैं। दक्षिण मध्य मुंबई में शिवसेना सांसद का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ से है, जबकि उत्तर पश्चिम मुंबई में शिवसेना सांसद के मुकाबले कांग्रेस के पूर्व सांसद संजय निरुपम मैदान में हैं। पालघर लोकसभा सीट के लिए शिवसेना के टिकट पर सांसद राजेंद्र गावित चुनाव लड़ रहे हैं उनका मुकाबला बहुजन विकास आघाड़ी के उम्मीदवार पूर्व सांसद बलिराम जाधव से है।

 297 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *