मुंबई का तापमान बढ़ने के आसार

मुंबई। महानगर में पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था। अब फिर से इसमें बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, बढ़ोतरी आगे भी जारी रहेगी। रविवार को मुंबई शहर का अधिकतम तापमान 34.3 रहा, जबकि उपनगर का 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान शहर में ह्यूमिडिटी 90 प्रतिशत रही। क्षेत्रीय मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। बता दें कि मुंबई कोस्टल एरिया होने के कारण यहां ह्यूमिडिटी काफी अधिक रहती है।

समुद्र से सटे होने के कारण मुंबईकरों को आसपास के इलाकों की तुलना में अधिक गर्मी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी मुंबईकर के लिए और परेशानी का कारण बन सकती है। बता दें कि मॉनसून अंडमान और निकोबार द्वीप पर पहुंच चुका है, लेकिन अब भी महाराष्ट्र सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में भयंकर गर्मी और उमस का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। रविवार को राज्य के सांगली और नांदेड में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

क्षेत्रीय मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में पिछले तीन दिनों में तकरीबन 3 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है। शुक्रवार को मुंबई शहर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को बढ़कर 36 डिग्री हो गया। मौसम विभाग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन यह सीजनल बदलाव है। तापमान बढ़ोतरी के बारे में पूछे जाने पर मौसम का आकलन करने वाली निजी संस्था स्काईमेट के प्रमुख मेट्रोलॉजिस्ट महेश पलावत ने कहा कि मुंबई में अब तक समुद्र की तरफ से हवाएं चल रही थीं, जो अब बदल गई हैं।

फिलहाल उत्तर की तरफ से हवाएं आ रही हैं, जो गर्म हैं। इनका असर आने वाले दिनों में और तीव्र हो सकता है, जिससे मुंबई और आसपास के तापमान में बढ़ोतरी दिख सकती है। तापमान में बढ़ोतरी भले ही मुंबईकर के लिए परेशानी का कारण बनेंगी, लेकिन इस बार प्री-मॉनसून बारिश मुंबईकरों को थोड़ा पहले भिगा सकती है। मॉनसून को मुंबई पहुंचने में थोड़ा विलंब हो सकता है, लेकिन प्री-मॉनसून बारिश थोड़े पहले दस्तक दे सकती है।

 


 423 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *