8 जनवरी से बेस्ट का चक्काजाम!

मुंबई। बेस्ट प्रशासन एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच शुक्रवार को बातचीत फेल हो जाने के बाद अब 7 जनवरी की मध्य रात्रि से बेस्ट कर्मियों की हड़ताल तय मानी जा रही है। बेस्ट की हड़ताल की वजह से मुंबई वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बेस्ट समिति की बैठक में भी कर्मचारियों के हड़ताल का मुद्दा उठा। प्रशासन की तरफ से हड़ताल को रोकने के लिए आवश्यक प्रयास नहीं किये जाने एवं समिति को अंधेरे में रखने पर सदस्यों ने नाराजगी जतायी।

प्रशासन के विरोध में बेस्ट समिति की बैठक स्थगित कर दी गयी। बेस्ट वर्कर्स यूनियन के नेतृत्व में बेस्ट कर्मचारी कृति समिति ने विभिन्न प्रलंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। कर्मचारी संगठन की कृति समिति ने यह निर्णय मतदान के द्वारा लिया है।हड़ताल करने के लिए पिछले माह 21 दिसंबर को कर्मचारियों से मतदान कराया गया था, जिसमें 95 कर्मचारियों ने इस हड़ताल के पक्ष में मतदान किया था। बेस्ट कर्मचारियों की मांग है कि बेस्ट बजट को बीएमसी के बजट में विलीन करने के पस्ताव को जल्द से जल्द मंजूरी दी जाए, वर्ष 2007 से पहले भर्ती हुए कर्मचारियों के वेतन को बढ़ाया जाए, नया वेतनमान जल्द लागू हो, अनुकंपा भर्ती फिर से शुरू की जाए, 2016-17 और 17-18 के लिए मनपा कर्मचारियों की तरफ बेस्ट कर्मचारियों को भी बोनस सहित अन्य सुविधाएं और भत्ते मिले।

हड़ताल के लिए बेस्ट वर्कर्स यूनियन ने 15 दिन पहले ही बेस्ट प्रशासन को क़ानूनी नोटिस भी दी थी। शुक्रवार को बेस्ट समिति की बैठक शुरू होते ही मनपा में विपक्ष के नेता रवि राजा ने बेस्ट हड़ताल को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए समिति की बैठक स्थगित करने की मांग की, जिसका समर्थन सभी दल के सदस्यों ने किया। भाजपा के सुनील गणाचार्य ने बेस्ट की दयनीय स्थिति के लिए प्रशासन के साथ ही सत्तारूढ़ दल शिवसेना को भी जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस के भूषण पाटिल ने कहा कि कर्मचारियों में गुस्सा है। शिवसेना के सुहास सामंत, अनिल कोकिल, राकां के सुनील अहिर ने भी हड़ताल को लेकर महाप्रबंधक को घेरने का प्रयास किया।

महाप्रबंधक डॉ.सुरेंद्र बगाड़े ने बताया कि हड़ताल को गैर कानूनी घोषित करने के लिए अदालत में पहल की गयी है एवं सरकार से मेस्मा लगाने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही कर्मचारी संगठनों से बात चीत का दौर जारी है। कोई न कोई रास्ता जरुर निकलेगा। बेस्ट समिति अध्यक्ष आशीष चेंबुरकर ने रवि राजा के प्रस्ताव पर समिति की बैठक स्थगित कर दी।

बेस्ट कर्मियों की हड़ताल को लेकर दिन भर बैठकों का जारी रहा। बेस्ट वर्कर्स यूनियन के शशांक राव के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने बेस्ट महाप्रबंधक डॉ.सुरेंद्र बगाड़े से बातचीत की, लेकिन किसी तरह का नतीजा नहीं निकला। बातचीत के बाद शशांक राव ने कहा कि हड़ताल निश्चित है। महाप्रबंधक ने इस संदर्भ में मनपा मुख्यालय में आयुक्त अजोय मेहता से भी चर्चा की। स्थायी समिति अध्यक्ष यशवंत जाधव के साथ भी इस मामले में बैठक हुई। बताया गया कि सोमवार को बेस्ट महाप्रबंधक के साथ एक बार फिर बेस्ट वर्कर्स यूनियन की बैठक होनी है।

 


 548 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *