ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक की मौत

प्रहरी संवाददाता/ तेनुघाट (बोकारो)। पेटरवार (Petarwar) प्रखंड के हद में खेतको पथ पर बसरिया मोड़ के समीप 4 सितंबर की सुबह अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से सुखदेव मुर्मू के दस वर्षीय पुत्र प्रकाश मुर्मू की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। घटना में रघुनाथ सोरेन के 18 वर्षीय पुत्र राज कुमार सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों के द्वारा 108 एम्बुलेंस से दोनों को पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सक ने जान्चोपरांत प्रकाश मुर्मू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राज कुमार सोरेन को बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल बोकारो रेफर कर दिया।

मौके पर उपस्थित स्थानीय रहिवासियों ने घटना के बारे में बताया कि पेटरवार प्रखंड के अंतर्गत लुकैया माझी टोला निवासी रघुनाथ सोरेन का पुत्र राजकुमार सोरेन ओर उसका बुआ (फुआ) का पुत्र प्रकाश मुर्मू चांदो पंचायत के हद में बसरिया ग्राम से खाना खाकर अपने घर लुकैया लौट रहा था।

तभी बसरिया मोड़ के पास बालू लेकर तेज गति से आ रही एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस से पेटरवार स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टर ने प्रकाश को मृत घोषित कर दिया और राजकुमार सोरेन को बोकारो सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर पेटरवार पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर वस्तुस्थिति से अवगत होकर कार्रवाई प्रारंभ कर दिया है।

 448 total views,  1 views today

You May Also Like