झारखंड में महागठबंधन की सीटों का बंटवारा तय!

साभार/ रांची। झारखंड में महागठबंधन होली के बाद उम्मीदवारों की घोषणा कर सकता है। इस सिलसिले में दिल्ली से लेकर रांची तक बैठकें जारी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी भी राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं।

राहुल से मुलाकात के बाद हेमन्त सोरेन ने कहा, ”सीटों के बंटवारे पर बात तय हो गई है। एलान होली के बाद रांची में गुरुजी (सिबू सोरेन) के सामने होगा।” सूत्रों के मुताबिक, झारखंड में कांग्रेस 7, जेएमएम 4, जेवीएम 2 और लालू यादव की पार्टी आरजेडी 1 सीट पर चुनाव लड़ सकती है।

चार दलों के महागठबंधन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) भी जगह बनाने की कोशिश कर रही है। भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी राजा ने शुक्रवार को झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन से दिल्ली में मुलाकात कर आग्रह किया कि भाकपा को झारखंड के महागठबंधन का हिस्सा बनाते हुए उसे हजारीबाग सीट दी जाये।

झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हेमन्त सोरेन ने राजा से कहा कि झामुमो भी चाहता है कि वाम दल झारखंड में महागठबंधन का हिस्सा बने। लेकिन वाम दल को कोडरमा सीट पर अपना दावा छोड़ना चाहिए। हेमन्त सोरेन ने स्पष्ट किया कि झामुमो सभी समान विचार वाले दलों को गठबंधन में शामिल कर बीजेपी को परास्त करने के प्रति संकल्पित है। उन्होंने कहा कि झामुमो इस मामले में वाम दलों का साथ देने को तैयार है अब इस बारे में निर्णय वाम दलों को करना है।

झारखंड में चार चरणों में वोट डाले जाएंगे।
पहला चरण, 29 अप्रैल- चतरा, लोहारडगा, पलामू।
दूसरा चरण, 6 मई- कोडरमा, रांची, खूंती, हजारीबाग।
तीसरा चरण, 12 मई- गिरिध, धनबाद, जमशेदपुर, सिंहभूम।
चौथा चरण, 19 मई- राजमहल, दुमका, गोड्डा।




 290 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *