जवाहर नवोदय विद्यालय तेनुघाट में मनाया गया हिंदी दिवस

प्रहरी संवाददाता/ तेनुघाट (बोकारो)। हर साल की भांति इस साल भी 14 सितंबर को नवोदय विद्यालय तेनुघाट (Navodaya Vidyalaya Tenughat) में हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य यू. पी. सिंह ने माता सरस्वती की तस्वीर पर माल्यर्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

हिंदी दिवस के अवसर पर अपने वक्तव्य में प्राचार्य सिंह ने कहा कि 1953 में पहली बार हिंदी दिवस का आयोजन किया गया था। तभी से यह सिलसिला बना हुआ है। हिंदी दिवस को मनाने का उद्देश्य हिंदी भाषा की स्थिति और विकास पर मंथन को ध्यान में रखना है। हमारे विद्यालय में 15 दिन तक हिंदी पखवाड़ा मनाया जाता है।

संविधान के अनुच्छेद के अनुसार भारत की राजभाषा ‘हिंदी’ और लिपि ‘देवनागरी’ है। हिंदी पखवाड़े के तहत विद्यालय में कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने ऑनलाइन भाग लिया। कर्मचारियों में सोनालीका दास, के के भट्ट, संजय कुमार, अनुराधा व रीता कुमारी को हिंदी क्विज़ में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्राचार्य द्वारा पुरस्कृत किया गया।

वहीं इस मौके पर के के भट्ट, सोनालीका, अन्विता त्रिपाठी, लिली बेक द्वारा कविता एवं सीता राम द्वारा भाषण प्रस्तुत किया गया। जिसमें इन्होंने बताया कि हिंदी की महत्ता बताने और प्रचार-प्रसार के लिए हिंदी दिवस को मनाया जाता है। मौके पर राजेश झा, एस एस महतो, देव मंगल तिवारी, पी आर के श्रीवास्तव, आर के सिंह, रविन्द्र राम, डी के आचार्य आदि मौजूद थे। मंच संचालन ए के सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्य एस के बेहरा ने किया।

 1,000 total views,  1 views today

You May Also Like