मुख्य सचिव के वीडियो संवाद में बोकारो उपायुक्त शामिल

मुख्य सचिव ने नियमित पर्यवेक्षण व अनुश्रवण हेतु संयुक्त दल का गठन प्रखंडवार करने का दिया निर्देश

एस.पी.सक्सेना/ बोकारो। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (Coronavirus) को लेकर 21 अगस्त को झारखंड के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह द्वारा राज्य के सभी जिले के उपायुक्तों के साथ राँची से वीडियो संवाद का आयोजन किया गया। उक्त वीडियो संवाद में बोकारो उपायुक्त राजेश सिंह ने भाग लिया।

वीडियो संवाद में मुख्य सचिव सिंह ने कोरोना वायरस की रोकथाम, बचाव एवं उपचार हेतु प्रत्येक व्यक्ति को मास्क का प्रयोग करने व सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करना अतिआवश्यक बताया। मुख्य सचिव ने राज्य के सभी उपायुक्तों को इसका नियमित पर्यवेक्षण व अनुश्रवण करने हेतु संयुक्त दल का गठन प्रखंडवार करने का निदेश दिया। उन्होंने सैम्पल कलेक्शन की स्थिति की भी प्रत्येक जिला वार जानकारी लिया।

इसपर उपायुक्त राजेश सिंह ने कहा कि बोकारो (Bokaro) जिला में पर्यवेक्षण व अनुश्रवण करने हेतु नौ संयुक्त दल का गठन प्रखंड वार किया गया है। जिसकी विशेष निगरानी के लिए तीन वरीय पदाधिकारियो की प्रतिनियुक्ति क्षेत्रवार की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में अबतक कुल 20715 लोगो की सैंपलिंग की गई है। जिसमे कोविड-19 कंफर्म पॉजिटिव केस 713 एवं 17676 निगेटिव केस प्राप्त हुआ है।

जिले में विशेष ड्राइव 22 अगस्त से 05 सितंबर 2020 तक चलाने का निदेश

मुख्य सचिव सिंह ने वीडियो संवाद में सभी जिले के बॉर्डर चेकनाका पर दूसरे राज्यो से आने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश सभी जिलों के उपायुक्तो को दिया। उन्होंने कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने हेतु सार्वजनिक स्थल जैसे बाज़ारो एवं दुकानों सहित अन्य जगहों पर पदाधिकारियो की प्रतिनियुक्ति कर निगरानी रखने की बात कही। इसके लिए 22 अगस्त से 05 सितम्बर तक जिला स्तर पर विशेष ड्राइव चलाने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि होम कोरोंटाइन किये गए व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखें।

जिले में कोरोना जांच की संख्या को बढ़ाएं-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने सभी जिला उपायुक्तों को प्रत्येक जिले में कोरोना से हुए मृत व्यक्तियों के डिस्पोजल की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना जांच की संख्या को बढ़ाये ताकि जल्द से जल्द कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। मुख्य सचिव ने जिले में कोविड-19 अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं फंक्शनल वेंटिलेटर को ज्यादा से ज्यादा से उपलब्ध कराने को कहा। वीडियो संवाद के दौरान उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अपर समाहर्त्ता विजय कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार पाठक, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशिप्रकाश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) नीतीश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

 323 total views,  1 views today

You May Also Like