93 की उम्र में अटल बिहारी वाजपेयी का निधन

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का लंबी बीमारी के बाद आज 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने 5 बजकर 5 मिनट पर आंखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरा देश शोक में डूब गया है। पिछले 66 दिनों से उनका इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा था। यहां उन्हें यूरीन में इनफैक्शन की शिकायत के बाद 11 जून को भर्ती कराया गया था।

साल 2009 में अटल जी को आघात (स्ट्रोक) लगा था और इसके बाद उन्हें बोलने में समस्या होने लगी थी। करीब तीन सालों से उन्हें किसी सार्वजिक सभा में नहीं देखा गया। डॉक्टरों ने आज जारी बुलेटिन में बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की हालत कल रात की ही तरह बनी हुई थी। डॉक्टरों ने आखिरी समय तक पूर्व पीएम वाजपेयी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मेहनत की लेकिन अनहोनी को टाल नहीं सके।

वाजपेयी के निधन से देश की राजनीति के एक सुनहरे दौर का अंत हो गया है। ऐसा दौर जिसमें राजनीतिक मतभेद को मनभेद में बदलने की इजाजत नहीं होती। वाजपेयी लंबे समय तक नेता विपक्ष रहे, तीन बार प्रधानमंत्री रहे, लेकिन उनकी लोकप्रियता किसी पद पर उनके होने या न होने की मोहताज नहीं रही। उनकी स्वीकार्यता जितनी पार्टी के भीतर थी, उतना ही वे दूसरी पार्टियों में भी लोकप्रिय थे। यही वजह रही कि एम्स में उनकी भर्ती की खबर सुन उनका हालचाल जानने पहुंचने वालों में पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी थे। आज जब उनके निधन की खबर आई तो पूरा देश शोक में डूब गया।

अटल बिहारी वाजपेयी देश की सक्रिय राजनीति में पांच दशक से ज्यादा समय तक रहे। वे देश के पहले गैरकांग्रेसी प्रधानमंत्री थे। उन्होंने अपना पहला लोकसभा चुनाव 1952 में लड़ा, हालांकि पहली जीत उन्हें 1957 में मिली। तब से 2009 तक वे लगातार संसदीय राजनीति में बने रहे। 1977 में वे पहली बार मंत्री बने, जबकि 1996 में वे 13 दिन के लिए प्रधानमंत्री भी रहे।

हालांकि 1998 में उन्हें एक बार फिर पीएम बनने का मौका मिला। उनकी ये सरकार भी सिर्फ 13 महीने चली लेकिन इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन के बहुमत वाली सरकार बनी और वाजपेयी ने पीएम के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया। 1991, 1996, 1998, 1999 और 2004 में वे लखनऊ से लोकसभा सदस्य चुने गए।

 


 323 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *