दिवंगत राजेंद्र प्रसाद सिंह को श्रद्धांजलि देने बेरमो पहुंचे मुख्यमंत्री

गरीबों तथा मजदूरों की आवाज थे स्व. राजेंद्र बाबू- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

एस.पी.सक्सेना/ बोकारो। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) 26 मई को बेरमो स्थित धोरी स्टाफ क्वाटर पहुंचकर बेरमो विधायक सह- पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्व राजेंद्र प्रसाद सिंह (Rajendra Prasad Singh) के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। यहां उन्होंने कहा कि झारखंड के गरीबों तथा मजदूरों की आवाज थे स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह। उनके निधन पर पूरे झारखंड में शोक की लहर है। हम सभी ने अपना एक राजनैतिक अभिभावक खो दिया है। जो लगातार हम सब का मार्गदर्शन कर झारखंड के विकास में अपनी सहभागिता निभाते रहते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कोयला क्षेत्रों में मजदूरों की आवाज थे राजेंद्र बाबू।

राजेंद्र प्रसाद सिंह की छवि झारखंड के अग्रिम नेताओं में से एक रही है। उन्होंने बेरमो, फुसरो तथा धनबाद के कोयला खदान क्षेत्र के मजदूरों के लिए आजीवन कार्य करते हुए उनकी आवाजों को सरकार तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के रुप में इनका कार्यकाल मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने एक लंबी लकीर खींची है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि राजेंद्र प्रसाद सिंह का सभी राजनीतिक दलों के लोगों के साथ हमेशा अच्छा व्यवहार रहा है। हमें उनके जीवनकाल से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने ने उनके परिवार के हर सदस्य का ढांढस बंधाया।

स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर पर झामुमो सुप्रीमों दिशोम गुरू एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (Shibu Soren), मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर दिशोम गुरू शिबू सोरेन ने कहा कि राजेंद्र बाबू एक कार्य कुशल एवं सामाजिक नेता थे। वह मजदूरों के नेता थे। मजदूरों के हित का ख्याल रखते थे। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। स्व. सिंह के पार्थिव शरीर का दर्शन करने के लिए हुजूम उमड़ पड़ा। 25 मई की देर रात्रि पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर दिल्ली से बेरमो लाया गया। बेरमो के ढोरी स्टाफ क्वाटर स्थित आवास पर पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था।

स्व. सिंह को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल चंद्रलेख, मंत्री मन्नान मल्लिक, पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, गिरिडीह सांसद चन्द्रप्रकाश चौधरी, गोमियां विधायक डॉ लम्बोदर महतो, बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, झामुमो नेता अनिल अग्रवाल, बरकाकाना विधायक सुश्री अम्बा प्रसाद, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अभिषेक प्रसाद, बोकारो उपायुक्त मुकेश कुमार, पुलिस अधीक्षक चंदन झा, बेरमो एएसपी अंजनी अंजन समेत उपस्थित सैकड़ो गणमान्यों ने नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री के आगमन के अवसर पर विधि व्यवस्था दुरुस्त किया गया था। प्रशासन की टीम दिवंगत के पैतृक निवास पर मुस्तैद रही। उप विकास आयुक्त रवि रंजन मिश्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार गुप्ता तथा अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो नितीश कुमार सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सतीश चंद्र झा, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक ने विधि व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई। संध्या लगभग पांच बजे स्व. राजेन्द्र प्रसाद सिंह बेरमो स्थित दामोदर नदी तट पर पंचतत्व में विलीन हो गए। दिवंगत के अंतिम यात्रा में कई गणमान्य तथा उनके चाहने वाले एवं परिवार के सदस्य शामिल हुए। राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत को अंतिम विदाई दी गयी।

 882 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *