झारखंड में एनडीए अपनी लाज बचाने में कामयाब

चौदह में नौ सीट झटके, तीन झामुमो तथा दो कांग्रेस की झोली में

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। संपन्न 18वीं लोकसभा चुनाव में झारखंड में एनडीए एवं भाजपा ने इसबार अपनी लाज बचाने में सफलता पायी है। झारखंड में कई जगहों पर चुनाव परिणाम चौकानेवाला रहा है।

जानकारी के अनुसार झारखंड के चौदह लोकसभा सीट में नौ सीट जिसमें आठ भाजपा तथा एक आजसू प्रत्याशी बिजयी रहे। जबकि दो सीट कांग्रेस तथा तीन सीट पर झामुमो ने कब्जा जमा लिया है।

चुनाव आयोग से प्राप्त लोकसभा चुनाव परिणाम के अनुसार झारखंड के गोड्डा सीट से भाजपा के निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के प्रदीप यादव को हराकर लगातार अपनी जीत बरकरार रखने में सफल रहे है। इसी प्रकार चतरा से भाजपा के कालीचरण सिंह ने कांग्रेस के के. एन. त्रिपाठी को हराया।

कोडरमा से भाजपा की अन्नपूर्णा देवी ने भाकपा माले के विनोद सिंह को हराकर अपनी सीट पुनः प्राप्त करने में सफल रही है। जबकि धनबाद से भाजपा के ढुल्लू महतो ने पहली बार चुनाव मैदान में उतरी कांग्रेस के अनुपमा सिंह को हरा दिया। वहीं रांची से भाजपा के संजय सेठ अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे।

उन्होंने कांग्रेस के यसस्विनी सहाय को पराजित किया है। इसी प्रकार जमशेदपुर से भाजपा के विद्युत वरण महतो ने झामुमो के समीर मोहंती तथा पलामू से भाजपा के बीडी राम ने राजद के ममता भुइयां को हराकर एकबार फिर अपनी सीट बचाने में कामयाबी हासिल की है।

जबकि हजारीबाग से भाजपा के मनीष जयसवाल ने पाला बदलकर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के जयप्रकाश भाई पटेल को पटखनी दी है। वहीं मोदी मैजिक का लाभ गिरिडीह से दूसरी बार जीत हासिल करनेवाले चंद्रप्रकाश चौधरी को मिला। चौधरी ने झामुमो के मथुरा प्रसाद महतो को मात देने में सफलता प्राप्त की है।

संपन्न मतगणना के अनुसार खूंटी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कालीचरण मुंडा ने केंद्रीय मंत्री भाजपा के अर्जुन मुंडा को बड़े अंतर से पटखनी देने में सफलता पायी है। जबकि लोहरदग्गा से कांग्रेस के सुखदेव भगत ने भाजपा के समीर उरांव को हराने में सफलता पायी है।

इसी प्रकार लोकसभा चुनाव में राजमहल से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय हांसदा ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के ताला मरांडी को हराया है।

चुनाव परिणाम के अनुसार दुमका से झामुमो के नलिन सोरेन ने हाल हीं में झामुमो छोड़कर भाजपा में शामिल सीता सोरेन हरा दिया है। वहीं सिंहभूम सीट पर भाजपा के गीता कोड़ा को हराकर जोबा मांझी ने अपनी जीत के नये आयाम स्थापित की है।

 200 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *