डीएवी कथारा में एनसीसी का मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में झारखंड नेवल यूनिट वन एनसीसी द्वारा 10 फरवरी को मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें एनसीसी रांची के पेटी ऑफिसर अमित सिंह एवं मनीष कुमार सोनी ने एनसीसी कैडेट्स को मासिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी के महत्व एवं भविष्य में उनकी संभावनाओं के विषय में भी बताया।
जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कैडेट्स को परेड एवं ड्रिल का अभ्यास कराया गया। उन्हें युद्धाभ्यासों का भी प्रदर्शन कर दिखाया गया। युद्ध प्रदर्शन को देखकर विद्यार्थियों में काफी जोश था। पूरे प्रशिक्षण के दौरान वे देशभक्ति की भावना से लबरेज थे। बताया कि प्रशिक्षण अधिकारियों ने कैडेट्स को भारतीय नौसैनिक युद्धपोत आईएनएस राजपूत के विषय में भी बताया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सह -झारखंड जोन- आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में एनसीसी के नेवल एवं आर्मी विंग का होना किसी वरदान से कम नहीं है। कहा कि एनसीसी के ‘सी’ सर्टिफिकेट को प्राप्त कर कैडेट्स प्रत्यक्ष लिखित परीक्षा में शामिल न होकर एनडीए के एसएसबी में शामिल हो सकते हैं। यह भविष्य की बहुत बड़ी संभावना है। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में अपना स्वर्णिम भविष्य तलाशने वाले विद्यार्थियों के लिए एनसीसी से बेहतर विकल्प कुछ नहीं हो सकता। कैडेट्स इस क्षेत्र में अच्छे प्रदर्शन के साथ विद्यालय को गौरवान्वित भी कर रहे हैं।

प्राचार्य डॉ खान ने नेवल विंग के एएनओ राहुल कुमार के योगदान की सराहना की। बताया कि वे नियमित रूप से प्रत्येक शनिवार को ड्रिल, परेड और एनसीसी की कक्षाओं का आयोजन करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता यदि विद्यार्थियों में देखनी है तो एनसीसी से बेहतर विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यालय के दूसरे विद्यार्थियों से अपील की कि वे भी अधिक से अधिक संख्या में एनसीसी में शामिल होकर देशभक्ति का प्रमाण दें। कहा कि वर्तमान समय में विद्यालय के नेवल विंग में सौ विद्यार्थी पंजीकृत है।
प्रत्येक वर्ष उनकी संख्या में बढ़ोतरी होती रहेगी। उन्होंने यह विश्वास जताया कि विद्यालय एनसीसी के क्षेत्र में एक अलग कीर्तिमान स्थापित करेगा। मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरीय शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, जितेंद्र दुबे, आराधना, राकेश रंजन आदि की सराहनीय भूमिका रही।
![]()













Leave a Reply