मंत्री ने किया झारखंड बालिका विद्यालय चंद्रपुरा का भूमि पूजन

जल्द शुरू होगा विद्यालय भवन का निर्माण कार्य, नहीं होगी कोई समस्या-मंत्री

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री जगरनाथ महतो ने 6 मार्च को बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा प्रखंड के नर्रा पंचायत में झारखंड बालिका विद्यालय के लिए भूमि पूजन किया।

मंत्री ने क्षेत्र के बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए विद्यालय निर्माण को भूमि उपलब्ध कराने वाले हेम नारायण महतो के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंत्री महतो ने कहा कि सरकार (Government) सूबे की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। पिछले दिनों केंद्र सरकार के नीति आयोग की टीम राज्य दौरे पर थी। उन्होंने कहा कि राज्य (State) में शिक्षा व्यवस्था में कुशल परिवर्तन हो रहा है। हम इसे आगे और बेहतर करेंगे।

जल्द नवोदय विद्यालय के तर्ज पर एक दूसरे विद्यालय का भी निर्माण होगा। इसके लिए भूमि चिन्हित करने का कार्य प्रगति पर है। जरूरत के अनुसार चंद्रपुरा एवं नावाडीह में और विद्यालय का निर्माण होगा। उन्होंने आम रहिवासियों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने व शिक्षा ग्रहण करने पर विशेष जोर देने को कहा।

मंत्री ने स्कूल के आसपास पक्की सड़क बनाने एवं गांव की कच्ची सड़क को जल्द पक्का करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अभी बहुत कुछ करना शेष है। वे जब-जब वह रांची से जिला लौटेंगे, आमजनों के कल्याण के लिए कुछ न कुछ योजनाएं जरूर लाएंगे।

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी नीलम आइलीन टोप्पो ने कहा कि बालिकाओं के शिक्षा में बेहतरी लाने के लिए राज्य के सभी प्रखंडों में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। जिससे छात्राओं को काफी लाभ है। इससे बालिकाओं के साक्षरता दर में भी सुधार आया है।

उन्होंने कहा कि चंद्रपुरा प्रखंड नव सृजित प्रखंड है, जहां कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नहीं है। इसी को लेकर यहां झारखंड बालिका विद्यालय का निर्माण होगा। इस विद्यालय में छात्राओं को सभी तरह की सुविधाएं प्राप्त होगी। जो अन्य कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिलती है।

मौके पर कई अन्य व्यक्ताओं ने भी संबोधित किया। उक्त विद्यालय के भूमि पूजन पर स्थानीय रहिवासियों में काफी प्रसन्नता दिखी। काफी संख्या में स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रपुरा संदीप कुमार, प्रखंड प्रमुख अनीता गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।

 287 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *