Advertisement

भाजपा द्वारा प्रखंड कार्यालय पर प्रदर्शन व् उपायुक्त के नाम बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

प्रहरी संवाददाता पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला में गिरती कानून व्यवस्था, आकंठ भ्रष्टाचार, सरकारी योजनाओं की विफलता के संबंध में बीते 23 जून को भाजपा प्रतिनिधियों एवम कार्यकर्ताओं द्वारा पेटरवार प्रखंड सह अंचल कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आज पूरा प्रदेश ध्वस्त विधि व्यवस्था, आकंठ भ्रष्टाचार, लूट, हत्या, बलात्कार से कराह रहा है। जिससे अपना जिला भी अछूता नहीं है। लंबे चौड़े घोषणाओं का सपना भोलीभाली जनता को दिखाकर फिर एकबार राज्य की सत्ता पर काबिज होने वाली हेमंत सरकार की नीति और नीयत में कोई बदलाव नहीं आया है।

वक्ताओं ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में जिस प्रकार से राज्य सरकार के संरक्षण में खनिज संसाधनों की लूट, पंचायत से लेकर सचिवालय व् मंत्रालय तक लूट तथा भ्रष्टाचार ने अपना पैर जमाये हुए है। वह दूसरे कार्यकाल में और मजबूत हो रहा है। विधि व्यवस्था की हालत ऐसी कि कोई सुरक्षित नहीं। हत्या और लूट आम बात हो चुकी है।

अपराधी बेखौफ होकर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। बहन बेटियां घर से निकलने में भयभीत हैं। बलात्कार, सामूहिक बलात्कार की घटनाएं ध्वस्त विधि व्यवस्था को उजागर कर रही है। आज विद्यालयों में शिक्षक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, दवा नहीं। ऑक्सीजन /एम्बुलेंस के अभाव में गरीब मरने को मजबूर हैं। आयुष्मान योजना को राज्य सरकार ने लगभग ठप्प कर दिया। बकाए के कारण अस्पतालों ने भर्ती लेना बंद कर दिया है। हेमंत सरकार ने स्थानीय नीति, नियोजन नीति और भाषा विवाद में राज्य को उलझा कर रख दिया है। नगर निकाय चुनाव नहीं होने के कारण आज शहरी क्षेत्र में जनता की समस्याओं की सुध लेने वाला कोई जन प्रतिनिधि नहीं है।

पदाधिकारी अपनी मनमानी चला रहे। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन महीनों से बंद हैं। मईयां सम्मान राशि में भी हजारों महिलाओं को ठगा गया है। किसानों को भी धान खरीद के नाम पर ठगा गया। वादे से कम कीमत पर धान की कुछ खरीद भी हुई तो पैसे अभी तक नहीं मिले। जबकि खेती का समय फिर से आ गया।

कहा गया कि आज चाहे जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र बनाना हो या मृत्यु प्रमाण पत्र या फिर जमीन का म्यूटेशन बिना दलाल बिचौलियों के माध्यम से पैसे दिए काम नहीं हो रहा। भ्रष्टाचार के कारण सड़क, बिजली, पानी, प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का काम ठप्प है। गांव की सड़कें मरम्मत के अभाव में जर्जर होती जा रही हैं। गरीब कल्याण की अन्न योजना में भी लूट मची है। आंगनबाड़ी केंद्र में केवल खानापूर्ति हो रही। ऐसी हालात में एक सशक्त विपक्ष के नाते भारतीय जनता पार्टी राज्य की दुर्दशा को चुपचाप नहीं देख सकती।

कहा गया कि भाजपा ने सदन से सड़क तक लगातार जन भावनाओं के अनुरूप सरकार को आगाह किया है। आज फिर एकबार आक्रोश प्रदर्शन के माध्यम से जनता भाजपा के नेतृत्व में राज्य सरकार को चेतावनी देती है कि हेमंत सरकार अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाए। राज्य से भय और भ्रष्टाचार को समाप्त करे। अपने वादे को पूरा करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारे। भाजपा मांग करती है कि विधि व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए आम जन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अपराध वाले थाना क्षेत्र में थानेदार को जिम्मेवार ठहराया जाए। धान क्रय का किसानों के बकाए का भुगतान अविलंब किया जाए। किसानों के लिए खाद बीज की व्यवस्था बिना कालाबाजारी के सुनिश्चित हो।

जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, राशन कार्ड आदि बनवाने की प्रक्रिया भ्रष्टाचार और बिचौलिया मुक्त हो। समय सीमा के भीतर प्रमाणपत्र बनाना सुनिश्चित किया जाए। अधिसूचित क्षेत्रों में पेसा नियमावली लागू हो।आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण युक्त सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित हो। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन का भुगतान किया जाए।विद्यालयों में शिक्षकों और अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा जाय। प्रखंड के +2 विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए भाषावार शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अस्पतालों में दवा, ऑक्सीजन, एम्बुलेंस और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित हो।

ग्रामीण क्षेत्र के 10 बेड वाले अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाए। जर्जर सड़कों और सरकारी भवनों का मरमत जीर्णोद्धार शीघ्र कराया जाए।बांग्लादेशी, रोहिंग्या घुसपैठियों को चिन्हित कर उसे राज्य से बाहर भेजना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर बीडीओ संतोष कुमार महतो को उनके कार्यालय में उपायुक्त बोकारो के नाम ज्ञापन सौंपने के दौरान भाजपा के प्रतिनिधि लक्ष्मण नायक, रविशंकर जायसवाल, अनिल स्वर्णकार, संजय सिन्हा, प्रह्लाद महतो, असित बनर्जी, प्रकाश रवानी, पिंटू कुमार महतो, रौनक कुमार, अमरज्योति बनर्जी, चंद्रशेखर महतो, सूरजमल नायक, ज्योति स्वर्णकार, प्रकाश साव, मनोज ठाकुर, अवधेश स्वर्णकार, सोहन गंजू, शंकर यादव, सुनील ठाकुर, डेगलाल यादव, निरंजन महतो, विजय प्रसाद, बजरंगी मिश्रा, रामभरोस, निरंजन, झरी तुरी, संतोष यादव आदि शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *