माले ने पदयात्रा कर पटना रैली में ताजपुर वासियों से भाग लेने की अपील की

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। भाकपा माले ने 2 फरवरी को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड के बाजार क्षेत्र स्थित पूसा रोड, थाना रोड, गोला रोड में पदयात्रा निकालकर आगामी 15 फरवरी को पटना के गांधी मैदान में माले द्वारा आहुत लोकतंत्र बचाओ- देश बचाओ रैली में ताजपुर वासियों से भाग लेने की अपील की।

बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ता 2 फरवरी को बाजार क्षेत्र के अस्पताल चौक पर ईकट्ठा होकर अपने- अपने हाथों में रैली से संबंधित झंडे, बैनर, फेसटून आदि लेकर लोकतंत्र बचाओ- देश बचाओ रैली में भाग लें, लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ रैली को सफल बनाएं, फासीवादी भाजपा भगाओ- लोकतंत्र बचाओ आदि नारे लगाते हुए पूसा रोड, थाना रोड, गोला रोड से गुजरते हुए पदयात्रा की। पदयात्रा गांधी चौक पर जाकर सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता भाकपा माले ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। इस अवसर पर माले नेता प्रभात रंजन गुप्ता, बासुदेव राय, मो. कयूम, शंकर महतो, शिवबालक पासवान, संजीव राय, मलित्तर राम आदि ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।

माले नेताओं ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी मिटाने के नाम पर सत्ता में आई मोदी सरकार घोषणानुसार एक भी काम नहीं कर सकी। चाहे गांव को गोद लेने का सवाल हो। गंगा सफाई अभियान या फिर स्मार्ट सीटी। सभी योजनाओं में फ्लॉप रही। वक्ताओं ने कहा कि भाकपा माले जन मुद्दे की बात करती है। आंदोलन करती है।

सच बोलती है। सोशल साइट्स पर सरकार का विरोध करती है, तो सरकार ठंडे दिमाग से जनता को हिंदू- मुस्लिम, मंदिर- मजिस्द के मुद्दे पर ले आती है। सरकार के गलत कारनामे का विरोध करने वाले को देशद्रोही बताया जाता है। उन्हें जेल भेजा जाता है।

इसके खिलाफ भाकपा माले ने लोकतंत्र बचाओ- देश बचाओ रैली का आयोजन किया है। नेताओं ने ताजपुर वासियों से अपील किया कि बड़ी संख्या में पटना रैली में शामिल होकर रैली को सफल बनाएं। पदयात्रा के दौरान कोष संग्रह भी किया गया।

 

 153 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *