अपने हीं प्रदेश अध्यक्ष का महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। अपने हीं प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ प्रदेश महिला कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। इसे लेकर दर्जनों महिला कांग्रेस समर्थको ने बोकारो में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर का पुतला दहन किया। नेतृत्व झारखंड महिला कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह बोकारो जिला बुद्धिजीवी विचार मंच की जिलाध्यक्ष संगीता तिवारी कर रही थी।

जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को बिरसा चौक नया मोड़ बोकारो में कांग्रेस पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को चुड़ी पहनाकर पुतला दहन झारखंड महिला कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह बोकारो जिला बुद्धिजीवी विचार मंच की जिलाध्यक्ष संगीता तिवारी के नेतृत्व में किया गया।

इस मौके पर संगीता तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने यूपी चुनाव के दौरान प्रियंका गांधी के द्वारा नारा दिया गया था कि मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं। जिसके तहत पूरे देश में अभियान भी चलाया जा रहा है, परंतु हमारे पार्टी के ही उच्च शिखर पर पदस्थापित प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर साबित कर रहे हैं कि आप कांग्रेस पार्टी की महिला हैं।

आप चुपचाप घर में बैठीए। मैं दूसरी पार्टी की महिलाओं को जबाबदेही और पद देकर सम्मानित करता हूं। पार्टी की महिलाएं कार्यक्रम में केवल झंडा लेकर हमारा जिंदाबाद करती रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की महिलाएं अपने आप में सशक्त और हर कार्य क्षेत्र में बढ़ चढ़कर काम करने में निपुण और सक्षम है।

उसके बाद भी अपने पार्टी के समर्पित और जुझारू पुरुष एवं महिला कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दूसरी पार्टी के पदाधिकारियों को जवाबदेही देकर प्रदेश अध्यक्ष अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।

महिला नेत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मुख्यमंत्री से मिलने कार्यकर्ताओं और जनता की बात नहीं, बल्कि ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए बात करने जाते हैं। राजेश ठाकुर को राज्यसभा सांसद से लेकर मंत्री पद चाहिए। यह सब मैनेज करने पर दिन रात लगे रहते हैं।

संगीता तिवारी ने कहा कि हाल में राहुल गांधी और सोनिया गांधी के द्वारा भेजे गए यूपीए गठबंधन के राष्ट्रपति उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के रांची आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष मात्र दो लोगों को लेकर के उनके स्वागत में मिलने गए। क्या पार्टी में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की कमी है?

गठबंधन की सरकार बने तीन साल बीतने जा रहा है, परंतु अभी भी आयोगों में पूरे लोगों को नहीं रखा गया। आधी आबादी कही जाने वाली पीड़ित महिला, बहनों के लिए महिला आयोग का अभी तक गठन नहीं किया गया। जो एक दुर्भाग्यपूर्ण बात है। प्रदेश अध्यक्ष को इसकी उनकी चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा कि बोकारो जिला का कोई पदाधिकारी और कार्यकर्ता इनको फोन करता है मिलने के लिए तो यह सीधे रांची बुलाते हैं। बोकारो में मिलने के लिए इनके पास समय नहीं है। चिंतन शिविर हो या कोई भी कार्यक्रम, अगर प्रभारी झारखंड आते हैं तो कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को उनसे मिलने से रोकने का काम करते हैं।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व झारखंड प्रभारी जाते जाते झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दीमक टाइप के एक एजेंट को बहाल कर पार्टी को बर्बाद करने के लिए छोड़ गये है। जिसका मैं पुरजोर विरोध करती हूं।

पुतला दहन कार्यक्रम में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूरी यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष पी एन तिवारी, अखिलेश प्रसाद, अरविंद कुमार, जय शर्मा, दिनेश चंद्र कुमार, इस्लाम अंसारी, दीपक कंडुलना सहित दर्जनों महिला पदाधिकारी व् अन्य उपस्थित थे।

 377 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *