Advertisement

रेल विकास एवं विस्तार मंच की लंबी लड़ाई रंग लाई, चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण शुरू

माधुरी चौक पर पार्क का पुनर्निर्माण की मांग को ले मंच का प्रयास रंग लाया

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। लंबी लड़ाई के बाद आख़िरकार समस्तीपुर रेल विकास एवं विस्तार मंच का प्रयास रंग लाया। जिला मुख्यालय समस्तीपुर शहर के माधुरी चौक स्थित रेल की खाली जमीन में चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय रहिवासियों, बच्चों एवं अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।

बताया जाता है कि इस पार्क के निर्माण को लेकर मंच द्वारा लंबे समय से आंदोलन, बैठक और प्रशासन से मांग की जा रही थी। मंच का कहना था कि पूर्व में यहां चिल्ड्रेन पार्क था, लेकिन रेल प्रशासन ने पार्क को कार्यालय में तब्दील कर दिया। इससे समस्तीपुर ने एक व्यवस्थित पार्क को खो दिया‌ था। शहर में बच्चों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित पार्क की कमी थी, जिससे यह मांग लगातार उठाई जा रही थी। कई बार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और जनसमर्थन अभियान भी चलाया गया।

अब यहां पार्क का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद मंच के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी, मंच के वरीय सदस्य सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने इसे जनसंघर्ष की जीत बताया है। नेताद्वय ने 28 अप्रैल को कहा कि माधुरी चौक के समीप पुनः पार्क बनने से शहर के बच्चों को खेलने की सुविधा मिलेगी तथा आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा।

साथ ही यह स्थान परिवारों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। मंच के सदस्य सह कांग्रेस नेता डोमन राय, विश्वनाथ सिंह हजारी, मंच के सदस्य सह राजद नेता राकेश ठाकुर, राम विनोद पासवान, सेवानिवृत्त शिक्षक शंकर प्रसाद साह आदि ने रेल व् जिला प्रशासन से निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समय सीमा के भीतर पूरा कराने की मांग की है, ताकि जल्द ही आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *