सिंहभूम संसदीय सीट पर काफी रोचक होगा लोकसभा चुनाव

भाजपा के गीता कोडा़ व् झामुमो प्रत्याशी जोबा माझी के बीच काँटे की टक्कर के आसार

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। सिंहभूम संसदीय सीट पर आगामी 13 मई को होने वाली लोक सभा चुनाव काफी रोचक होने वाला है। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला एनडीए गठबंधन की भाजपा प्रत्याशी सह निवर्तमान सांसद गीता कोडा़ एवं इंडिया गठबंधन की झामुमो प्रत्याशी राज्य के पूर्व मंत्री एवं विधायक जोबा माझी के बीच होना है।

जानकारी के अनुसार आमने सामने की टक्कर को लेकर दोनों गुट के नेता व कार्यकर्ता सोशल मिडिया का सहारा लेकर एक-दूसरे प्रत्याशी व गठबंधन के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप का खेल प्रारम्भ किये हुये हैं। सोशल मिडिया पर हो बनाम संथाल का मुद्दा भी काफी उछाला जा रहा है। इस मुद्दा का कितना असर मतदाता पर होगा वह तो मतगणना के बाद हीं पता चलेगा।

ज्ञात हो कि, सिंहभूम संसदीय सीट पर अब तक हुये चुनाव में जिन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है उनमे वर्ष 1957 में शंभू चरण गोडसोरा, 1962 में हरिचरण सोय, 1967 में कोलाई बिरुवा, 1971 में मोरन सिंह पूर्ति (सभी झारखण्ड पार्टी), वर्ष 1977, 1980, 1984, 1989 में लगातार बागुन सुम्ब्रई (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), आदि।

वर्ष 1991 में झामुमो से कृष्णा मार्डी, 1996 में भाजपा से चित्रसेन सिंकु, 1998 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से विजय सिंह सोय, 1999 में भाजपा से लक्ष्मण गिलुवा, 2004 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से बागुन सुम्ब्रई, 2009 में निर्दलीय के रुप में मधु कोडा़, 2014 में भाजपा से लक्ष्मण गिलुवा एवं 2019 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से गीता कोडा़ शामिल हैं।

पिछले तीन चुनाव के नतीजे में कौन प्रत्यासी को कितना मत प्राप्त हुआ

वर्ष 2019 के चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा को 431815 (49.11 फीसदी) मत प्राप्त हुआ, जबकि दूसरे स्थान पर भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा को 359660 (40.90 फीसदी) मत प्राप्त हुआ था।

वर्ष 2014 के चुनाव में भाजपा के लक्ष्मण गिलुवा को 303131 (38.11 फीसदी), जय भारत समानता पार्टी की गीता कोडा़ को 215607 (27.11 फीसदी), कांग्रेस के चित्रसेन सिंकु को 111796 (14.06 फीसदी, जेवीएम (पी) दशरथ गागराई को 35681 (4.49 फीसदी), जेडीपी से सालखन मुर्मू को 25547 (3.21 फीसदी) मत प्राप्त हुआ था।

वर्ष 2009 के चुनाव में निर्दलीय मधु कोडा़ को 256827 (44.14 फीसदी), भाजपा के बड़कुवंर गागराई को 167154 (28.73 फीसदी), कांग्रेस से बागुन सुम्ब्रई को 95604 (16.43 फीसदी) मत प्राप्त हुये थे।

सिंहभूम संसदीय सीट अन्तर्गत छः विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सभी पर इंडिया गठबंधन का कब्जा है। जिसमें जगन्नाथपुर से कांग्रेस के सोनाराम सिंकू, मनोहरपुर से जोबा माझी, चाईबासा से मंत्री दीपक बिरुवा, मझगांव से नीरल पूर्ति, चक्रधरपुर से सुखराम उरांव एवं सराईकेला से मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन (सभी झामुमो) के विधायक हैं।

यह सीट मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के नेतृत्व में झामुमो के अलावे पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोडा़ तथा निवर्तमान सांसद गीता कोडा़ के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। अगर गीता कोडा़ चुनाव जीत जाती है तो झारखंड की राजनीति में कोडा़ दम्पत्ति का राजनीतिक कद काफी उंचा होगा।

इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में सिंहभूम की कई विधानसभा सीटों को प्रभावित कर भाजपा की झोली में डालने की कोशिश संभव है। अगर कोड़ा हार गई तो उनका राजनीतिक कैरियर खतरे में पड़ सकता है। दूसरी तरफ मुख्यमंत्री स्वयं की साख बचाने हेतु झामुमो के सारे विधायक जोबा माझी को जीताने हेतु सारी ताकत झोंक दिये हैं। उन्हें भी डर है कि यह उनके लिये सेमिफाईनल नहीं बल्कि फाईनल मुकाबला के समान है।

वर्ष 2024 के चुनाव में सिंहभूम संसदीय सीट से 14 प्रत्यासी मैदान में हैं। जिसमें गीता कोड़ा (भारतीय जनता पार्टी), जोबा माझी (झारखंड मुक्ति मोर्चा), परदेशी लाल मुंडा (बहुजन समाज पार्टी), कृष्ण मार्डी झारखंड मुक्ति मोर्चा (उलगुलान), चित्रसेन सिंकू झारखंड पार्टी, पानमनि सिंह सोशलिस्ट युनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कॉम्युनिस्ट), आदि।

बीर सिंह देवगम राइट टू रिकॉल पार्टी, विश्व विजय मार्डी अंबेडकर राइट पार्टी ऑफ इंडिया, सुधा रानी बेसरा पीपल्स पार्टी ऑफ़ इंडिया (डेमोक्रेटिक), आशा कुमारी रूण्डा, दामोदर सिंह हांसदा, दुर्गा लाल मुर्मू, माधव चंद्र कुंकल, संग्राम मार्डी निर्दलीय अभ्यर्थी क्रमशः शामिल हैं।

सिंहभूम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अन्तर्गत सरायकेला विधान सभा क्षेत्र में 431, चाईबासा में 284, मझगांव में 267, जगन्नाथपुर में 233, मनोहरपुर में 264, चक्रधरपुर में 236 अर्थात् कुल मतदान केंद्र की संख्या 1715 है।

इन मतदान केन्दों पर कुल पुरुष मतदाता- 711336, महिला मतदाता- 735923, अन्य 33, कुल 1447562 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें पीडब्लूडी वोटर्स की संख्या- 19474, वहीं 85 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर्स 4939, यंग वोटर्स 61826 हैं।

 95 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *