Advertisement

वैशाली के शहीद जवान को दी गई अंतिम विदाई

भारत माता की जय, वीर जवान अमर रहे के नारे से गूंज उठा आसमान

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में सराय थाना क्षेत्र के पौड़ा मदन सिंह रहिवासी आर्मी के जवान पंकज कुमार रजक का पार्थिव शरीर 19 जुलाई को गांव पहुंचते ही आस पास के ग्रामीणों का हुजूम शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए उमर पड़ा। मृत जवान की पत्नी और परिवार वाले पार्थिव शरीर से लिपट कर रोने लगे। शहीद जवान पंकज की असामयिक मृत्यु से सभी ग़मगीन थे।

तिरंगे में लिपटा वीर जवान के पार्थिव शरीर पर स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं नेताओ द्वारा पुष्प चढ़ा कर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू किया गया और युवकों ने भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहे का नारा लगाना शुरू किया। जिससे संपूर्ण वातावरण देशभक्तिमय हो गया।

जवान पंकज कुमार रजक की मृत्यु के सम्बन्ध में बताया गया कि राजस्थान के जैसलमेर जिले में ट्रेनिंग के दौरान टैंकर में पानी आ जाने से बीते 7 जुलाई को पंकज बेहोश हो गए, जिनका वहां के अस्पताल में इलाज किया गया, लेकिन बीते 16 जुलाई को उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर सेना के जहाज से पटना आया और उनके शव को सेना के जवान लेकर उनके गांव पहुंचे।

बताया गया कि ट्रेनिंग के दौरान समुद्र में टैंकर में पानी घुसने से पंकज बेहोश हो गया। सहकर्मी आनन-फानन में इलाज के लिए उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गयी।
शहीद जवान पंकज कुमार के पार्थिव शरीर को सेना की गाड़ी से दाह संस्कार के लिए हाजीपुर के कोनहारा घाट लाया गया। गांव से शव यात्रा निकलते ही आसपास के हजारों युवक और महिला, पुरुष भारत माता की जयकार और वीर जवान अमर रहे के नारा लगाते चल दिए।

बताया जाता है कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर हाजीपुर स्थित कोनहारा घाट पहुंचने से पहले वैशाली के जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह अन्य पदाधिकारी के साथ घाट पर पहुंचकर शहीद के प्रतीक्षा में थी। शहीद जवान के पार्थिव शरीर के आने के पश्चात जिलाधिकारी ने श्रद्धांजलि अर्पित की व शहीद के पिता व परिजन से बात कर उन्हे सांत्वना दी।

भारतीय सेना व जिला प्रशासन के जवानों द्वारा राजकीय सम्मान के साथ उनके शव को गार्ड ऑफ ऑनर देकर शाहिद को अंतिम विदाई दी गई। कौनहारा घाट पर शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के अलावा लालगंज विधायक संजय कुमार सिंह, महुआ विधायक मुकेश रोशन, जिला परिषद अध्यक्ष के साथ जिले के दर्जनों उच्च पदाधिकारी भी शामिल रहे। शहीद जवान पंकज को उसके पिता ने मुखाग्नि दी।

जानकारी के अनुसार पंकज ने 13 वर्ष पूर्व आर्मी में योगदान दिया था। परिजनों के अनुसार 24 नवंबर, 2023 को हाजीपुर के अकीलाबाद गांव में उसकी शादी हुई थी और उसे 15 महीने की बेटी है, जिसका नाम रेशमी कुमारी है। सराय थाना क्षेत्र के मरीचा के सामाजिक कार्यकर्ता और दिल्ली पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर डॉ राजू खान ने शहीद के परिवार को सांत्वना देने के लिए मदन सिंह पौरा गांव पहुंचे और डॉ राजू खान ने बिहार के वीर सपूत शहीद पंकज कुमार को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राजू खान उनके परिजनों से मिले। उन्होंने शहीद के परिवार को एक लाख रुपये की छोटी सी राशि भेंट की और उनके 15 माह की पुत्री को इंटरमीडिएट तक निःशुल्क शिक्षा का आश्वासन दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *